मुख्यमंत्री हुए एकता दिवस दौड़ में शामिल

0

जोगी एक्सप्रेस 

 

रायपुर ,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज सवेरे जिला मुख्यालय राजनांदगांव में  स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर के अवसर आयोजित एकता दिवस दौड़ में हज़ारों नागरिकों के साथ शामिल हुए। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनायी गयी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि गुलामी के दौर में सरदार वल्लभभाई पटेल ने सशक्त राष्ट्र का सपना देखा था। आज राष्ट्रीय एकता के लिए इस दौड़ में हजारों युवा,  बुजुर्ग और बच्चे उत्साह से जुड़े हैं। डॉ. सिंह ने लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि रियासतों का भारत में विलीनीकरण बहुत कठिन कार्य था। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प से इस कठिन कार्य को सहज कर दिया। भारत के पहले गृह मंत्री के रूप में उन्होंने सुदृढ शासन व्यवस्था स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। राष्ट्र इस कार्य के लिए सदा उनका स्मरण रखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल हमेशा एकता पर जोर देते थे। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत आज एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व के समक्ष खड़ा है, इसमें सरदार पटेल का अहम योगदान है।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि आज बहुत गौरवशाली क्षण है जब हम राष्ट्र की एकता के लिए सद्भावना दौड़ के लिए एकत्र हुए हैं। सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्र सेवा में अपना पूरा जीवन अर्पित किया। सुबह से ही उत्साह से जुटे लोगों को देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। अपने देश के लिए इतनी गहरी भावना देखकर बहुत अच्छा लगता है। इस मौके पर 80 साल के वृद्धजनों के साथ 10 साल के बच्चों ने भी दौड़ लगाई। चारों ओर से भारत माता की जय के नारे लग रहे थे। जयस्तंभ चौक में देश प्रेम पूरे उफान पर था। मुख्यमंत्री ने इस दौरान बच्चों का, युवाओं का तथा बुजुर्गों का भी हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बुजुर्गों के उत्साह को देखकर कहा कि ऐसा लग रहा है कि इनका बचपन लौट आया है। ऐसे महान अवसरों पर हम नई ऊर्जा से राष्ट्र को सुदृढ बनाने का संकल्प लेते हैं। इस मौके पर 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष  खूबचंद पारख, महापौर  मधुसूदन यादव, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष  नीलू शर्मा, राज्य उर्दू अकादमी के अध्यक्ष अकरम कुरैशी, नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष  लीलाराम भोजवानी, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष  अशोक शर्मा,  डॉ. पुखराज बाफना, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष  सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री संतोष अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. रेखा मेश्राम, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य  अशोक चौधरी, राज्य अंत्यावसायी निगम के सदस्य  पवन मेश्राम, नगर निगम राजनांदगांव के सभापति  शिव वर्मा, पूर्व सांसद  प्रदीप गांधी, पूर्व विधायक  विनोद खांडेकर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  भरत वर्मा, पूर्व महापौर श्री नरेश डाकलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक तथा स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *