नागरिकता कानून को लेकर झूठ फैलाया जा रहा – बाबुल सुप्रियो

0

भिलाई नगर
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में केंद्रीय राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो की अगुवाई में फौजी नगर औद्योगिक क्षेत्र से हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी चौक तक तिरंगा रैली निकाली गई। कई सामाजिक संगठनों ने रैली में शामिल होकर अपना समर्थन दिया। उसके पश्चात रैली कालीबाड़ी चौक में समाप्त हुई, जहां केंद्रीय मंत्री द्वारा कालीबाड़ी में पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद भाजपा द्वारा आयोजित सभा में शामिल हुए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि लोगों में बेवजह भ्रम फैलाया जा रहा है।

पत्रकारों से चर्चा में केंद्रीय राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा कि भारत में अल्पसंख्यकों की देखभाल की वजह से ही उनकी संख्या आज 20 से 25 फीसदी हो गई है। कुछ जगहों पर तो 30 फीसदी तक है। ये सभी भारतीय हैं, हमारे भाई हैं, लेकिन पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की संख्या घटी है। जो 2 से 3 फीसदी ही रह गए हैं।उन्होंने आगे कहा कि जो भी शरणार्थी भारत आए हैं उन्हें हम जगह नहीं देगें तो और कौन देगा। युगांडा से जब गुजरातियों को भगाया गया था तब इंदिरा गांधी ने उन्हें शरण दी थी। जब श्रीलंका से तमिलों को भगाया गया था तब राजीव गांधी ने उन्हें शरण दी थी। तब तो मुस्लिमों की बात नहीं आई थी। दूसरे देशों के लोग जिसमें मुस्लिम भी हैं वे भी भारत में नागरिकता के लिए अपील कर सकते हैं। लगभर पांच हजार बांग्लादेशियों को भारतीय नागरिकता दी है जिसमें ज्यादातर मुस्लिम थे।

नागरिकता कानून को लेकर जो झूठ फैलाया जा रहा है वह ज्यादा दिन का नहीं है। कानून को लेकर केरल सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गृह मंत्रालय तय करती है कि नागरिकता दी जानी है या नहीं। किसी भी राज्य को यह हक नहीं है।  उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर जो अत्याचार हो रहा है उसे सहानुभूति की नजर से देखना चाहिए। उन्हें शरण देना चाहिए। नागरिकता छीनने वाली कोईबात नहीं है। इसे ही हम लोगों के सामने लेकर जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *