रोजगार को झटका, ओयो ने कर दी बड़ी छंटनी

0

नई दिल्ली
ओयो होटल्स के लिए काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है। ओयो ने चीन और भारत में अपने हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। जानकारी के मुताबिक सॉफ्टबैंक द्वारा संचालित कंपनी पर संकट के बादल छाए हुए हैं। मामले के जानकार एक सूत्र ने बताया कि कंपनी में चीन में पर्फॉर्मेंस का हवाला देकर पांच फीसदी कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया तो भारत में 12 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी हुई है।

बता दें कि ओयो होटल्स में चीन में लगभग 12 हजार कर्मचारी थे तो वहीं भारत में भी 10 हजार लोग काम करते हैं। कहा जा रहा है कि कंपनी तीन महीने में 1200 और कर्मचारियों की छंटनी करेगी। ओयो की तरफ से लंबे समय से कहा जा रहा है कि कार्य कुशलता में कमी की वजह से कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है।

ओयो के सेल्स, सप्लाइ और ऑपरेशन विभाग में ज्यादातर छंटनी हुई है। यह भी बताया जा रहा है कि ओयो में खाली पद भी भरे जाने की उम्मीद नहीं है। कंपनी के एक अधिकारी के मुताबिक टेक्निकल डिवेलपमेंट की वजह से काम कम हो गया है इसलिए कुछ कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को दूसरे विभागों में भी शिफ्ट किया जा रहा है।

बता दें कि ओयो की ग्रोथ अच्छी थी लेकिन पिछले कुछ समय में ग्राहकों की शिकायतों की वजह से इसकी छवि को धक्का लगा। ग्राहकों की शिकायत थी कि इस चेन के होटल के मालिकों का व्यवहार अच्छा नहीं है। सॉफ्टबैंक ने भी बड़े विजन के साथ इसमें पैसा लगाया था लेकिन खराब होती छवि की वजह से पिछले वित्त वर्ष में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। जिन कर्मचारियों की छंटनी की गई है उनकी सालाना तनख्वाह 10 से 12 लाख के बीच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *