एजाज ढेबर रायपुर के नए महापौर

0

रायपुर
राजधानी रायपुर के नगर निगम में पुन: कांग्रेस का महापौर निर्वाचित हो गया है।  कांग्रेस के एजाज ढेबर नए महापौर होंगे। ढेबर ने भाजपा के मृत्युंजय दुबे को 12 वोटों से हराया। काफी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस ने एजाज ढेबर का नाम घोषित किया है। जबकि निवृतमान महापौर प्रमोद दुबे को कांग्रेस ने सभापति बनाने का दांव चला। सात निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया था जिससे सदन में उनकी जीत सुनिश्चित हो गई थी।

सोमवार सुबह राजीव भवन में कांग्रेस के सभी 34 पार्षद एकत्र हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड के पार्षद एजाज ढेबर को महापौर प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया। सभी पार्षदों ने उनका समर्थन किया। इसके बाद सभी कांग्रेस पार्षद निगम मुख्यालय भवन पहुंचे और एजाज ढेबर ने नामांकन दाखिल किया।

एजाज के प्रस्तावक के रूप में एक अन्य दावेदार रहे ज्ञानेश शर्मा ने हस्ताक्षर किए और चार बार के पार्षद श्रीकुमार मेनन ने इसका समर्थन किया। इस मौके पर रायपुर पश्चिम के विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद थे। भाजपा में महापौर के प्रत्याशी को लेकर उहापोह की स्थिति रही। पहले चार पार्षद सूर्यकांत राठौर, मृत्युंजय दुबे, प्रमोद साहू और मीनल चौबे ने नामांकन दाखिल किया था। बाद में सूर्यकांत, प्रमोद और मीनल चौबे ने नाम वापस ले लिया। सिर्फ मृत्युंजय दुबे ही मुकाबले में रह गए।

कांग्रेस के 34 पार्षद हैं और सभी 7 निर्दलियों ने उन्हें समर्थन दिया है। ऐसे में कांग्रेस पार्षदों की संख्या 41 हो गई है। जबकि भाजपा पार्षदों की संख्या 29 ही रह गई थी। कांग्रेस प्रत्याशी ढेबर को पूरे 41 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी को 29 मत हासिल हुए। दोपहर बाद निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले यह चर्चा थी कि भाजपा बिलासपुर की तरह रायपुर में भी चुनाव मैदान में हिस्सा न ले, लेकिन वरिष्ठ नेताओं ने आपस में चर्चा कर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *