मुरादाबाद में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, दिन का पारा 12 डिग्री सेल्सियस तक गिरा

0

 मुरादाबाद 
सोमवार को महानगर के लोग बर्फीली हवा के कहर से ठिठुर उठे। दिन भर धूप नहीं निकलने से दिन का अधिकतम तापमान लुढ़ककर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सर्दी के इस मौसम में दिन का सबसे कम तापमान रहा। रात का न्यूनतम तापमान और घटने से ठंड के तेवर और प्रचंड हो गए।

शहर के लोगों ने सोमवार को जबरदस्त ठंड महसूस की। जगह जगह लोग अलाव जलाकर ठंड को भगाने की मशक्कत करते नजर आए। भयंकर ठंड का असर शहर के जनजीवन पर साफ नजर आया। बहुत जरूरी हुए बिना लोगों ने घर से बाहर निकलने से गुरेज किया। सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही। दोपहिया वाहनों की संख्या भी घट गई। जीआईसी स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी निसार अहमद अंसारी ने बताया कि पश्चिम दिशा से चली हवा ने कोहरे को जमीन से आसमान पर पहुंचा दिया। आसमान पर कोहरा बादलों की शक्ल में दिन भर छाया रहा। जिसके चलते धूप नहीं निकली और दिन का तापमान बहुत ज्यादा घट गया। रात का न्यूनतम तापमान भी घटने और वातावरण में नमी का स्तर बढ़ने से गलन बढ़ गई।

अभी आसमान पर तनी रहेगी कोहरे की चादर
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 17 दिसंबर को अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। पिछले 24 घंटे में रात का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिन पहले यह नौ डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम में अभी खास बदलाव के आसार नहीं हैं। -निसार अहमद अंसारी, जीआईसी स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी

औसत तापमान सिर्फ 10 डिग्री, गर्माहट की जंग
अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान के आंकड़े ने ठंड के प्रचंड होने का एहसास करा दिया है। चौबीस घंटे का औसत तापमान लुढ़ककर महज दस डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मनुष्य के शरीर का औसत तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। डॉक्टरों के मुताबिक इस तापमान को बनाए रखने के लिए शरीर को खूब जोर आजमाइश करनी पड़ रही है। इसी के चलते सेहत को दुरुस्त बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। फिजीशियन डॉ.आरसी अग्रवाल ने शरीर को गर्म कपड़ों से अच्छी तरह ढककर रखने के साथ ही गर्म पानी, सूप आदि पीते रहने की सलाह दी। ठंडे पानी, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक आदि से पूरी तरह परहेज करने को कहा।

जोड़ों की तकलीफ बढ़ी, ठंडे पानी से न धोएं हाथ
शीतलहर का असर शरीर के जोड़ों और हड्डियों पर शिद्दत के साथ पड़ा है। जिला अस्पताल के हड्डी एवं जोड़रोग विशेषज्ञ डॉ.एसएस कक्कड़ ने बताया कि घुटने के दर्द से पीड़ित मरीजों की समस्या बढ़ गई है। हाथ पैरों की अंगुलियों में सूजन से कई लोग पीड़ित हो रहे हैं। उन्होंने बहुत ज्यादा ठंडे पानी में हाथ पैर, कपड़े धोने को लेकर आगाह किया। बताया कि गर्म पानी में ही कपड़े धोएं। अन्यथा, ठंड अधिक होने के चलते अंगुलियों में सूजन की तकलीफ बढ़ जाएगी। घुटने, हाथ पैर की अंगुलियों में दर्द होने पर सिकाई करने को कहा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed