उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर, सहारनपुर के सभी स्कूल 21 दिसंबर तक बंद

0

 सहारनपुर 
समूचे उत्तर भारत में शीतलहर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो कड़ाके की सर्दी से हाल फिलहाल में निजात नहीं मिलने वाली है। इसको देखते हुए सहारनपुर डीएम ने जिले में सभी स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
 
उत्तर भारत के कई इलाकों में अगले दो-तीन दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 दिसंबर के आसपास कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान भी जताया है। सोमवार सुबह लद्दाख के द्रास में जहां पारा शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया, वहीं जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान -10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। संभावना है कि अगले 24 घंटों के दौरान यूपी में ठंडी हवाएं तेज हो जाएंगी। हवाओं की वजह से यूपी के कई भागों में न्यूनतम 2-3 डिग्री तक गिर सकता है। उत्तर भारत में मैदानी इलाकों पर भी शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट हो रही है। पंजाब से लेकर मध्य प्रदेश तक जल्द ही पारा और गिर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *