‘स्वीकार करो आगे बढ़ो’ CAB पर बोले विधायक लक्ष्मण सिंह

0

भोपाल
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश भर में बवाल मचा हुआ है| कांग्रेस ने संसद से लेकर सड़क तक इसका विरोध किया है और लगातार इसको लेकर बयानबाजी जारी है| मध्य प्रदेश कांग्रेस के एक विधायक तो चेतावनी भी दे चुके हैं कि अगर प्रदेश में CAB को लागू किया गया तो वे विधानसभा के सदस्य नहीं रहेंगे| इस बीच एक और कांग्रेस विधायक ने पार्टीलाइन से हटकर इस कानून को स्वीकार करने की बात कही है|

अक्सर अपने बयानों और ट्वीट से अपनी सरकार और पार्टी पर निशाना साधने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक लक्ष्मण सिंह ने एक बार फिर पार्टीलाइन के खिलाफ जाकर CAB को स्वीकार करने की बात कही हैं| पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई विधायक लक्ष्मण सिंह का कहना है कि इसे स्वीकार करो और आगे बढ़ो| लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट कर लिखा- "राष्ट्रीय नागरिकता कानून" संसद में पारित हो चुका है,सभी दलों ने अपने विचार व्यक्त कर दिए हैं। इस विषय पर ज्यादा टिप्पणी, बयान, व्यर्थ हैं। इसे स्वीकार करो और आगे बढ़ो'।

बता दें कि लक्ष्मण सिंह अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं| कई मामलों में वे अपनी ही सरकार पर सवाल उठा चुके हैं|  चुनाव में राहुल गाँधी के कर्जमाफी के एलान को भी लक्ष्मण सिंह गलत बता चुके हैं और दस दिन में कर्जमाफी की घोषणा पूरी न होने पर माफ़ी मांगने की नसीहत मुख्यमंत्री कमलनाथ और राहुल गाँधी को दे चुके हैं| हाल ही में उन्होंने महाराष्ट्र गठबंधन में कांग्रेस के होने पर भी सवाल उठाये थे| प्रदेश में जमीन पर सरकार के नहीं दिखने पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था कि कमलनाथ मजबूर नहीं मजबूत मुख्यमंत्री बनें| एक बार फिर लक्ष्मण सिंह ने CAB को लेकर हो रही बयानबाजी पर निशाना साधते हुए इस कानून को स्वीकार करने की अपील की है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *