September 21, 2024

SPS के अफसरों को भी चाहिए 4 की जगह 6 ग्रेड पे, प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा

0

भोपाल
उत्तर प्रदेश पुलिस की तरह प्रदेश के राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) के अफसरों को भी अब 4 की जगह 6 ग्रेड पे चाहिए। इस संबंध में एसोसिएशन ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर हुआ तो उन अफसरों को ज्यादा फायदा होगा जो लंबे अरसे से एएसपी के पद पर पदस्थ हैं।

सूत्रों की मानी जाए तो तैयार प्रस्ताव में बताया गया है कि एसपीएस के अफसर को नौकरी के 16 साल बाद जो ग्रेड-पे मिलता है। अब आखिरी होता है, जबकि प्रदेश में इस वक्त 25 साल पुराने बैच के अफसर एएसपी के पद पर पदस्थ हैं। आईपीएस का कॉडर रिव्यू नहीं हुआ तो कई अफसर 27 साल की नौकरी तक इसी पद पर रहेंगे और उनकी ग्रेड पे जो 16 साल तक की नौकरी में मिला वहीं रहेगा। ऐसे में इतने सालों तक उन्हें बिना वेतन बढ़े काम करना होता है।

डीएसपी जूनियर को 5400 रुपए के ग्रेड पर पर नौकरी ज्वाइन करवाई जाती है। इस ग्रेड पे पर 555 पद हैं। नौकरी ज्वाइन करने के 6 साल बाद उन्हें डीएसपी सीनियर मानते हुए उनकी ग्रेड-पे 6600 कर दी जाती है। इस ग्रेड पे पर 400 पद हैं। नौकरी के दसवें साल में उन्हें डीएसपी सिलेक्शन ग्रेड पर मानते हुए उनकी ग्रेड-पे 7600 हो जाती है। यहां 240 पद हैं। इसके बाद डीएसपी सीनियर सिलेक्शन ग्रेड नौकरी ज्वाइन करने के 16वें साल में मिलती है। इस ग्रेड पे पर 80 पद स्वीकृत हैं। इस सर्विस में यही चार ग्रेड पे तय हैं।

प्रदेश में अभी 1995 बैच के एसपीएस बतौर एएसपी और एआईजी तैनात है। हालांकि इस बैच के कई अफसरों को आईपीएस अवार्ड हो चुका है। बैच में ज्यादा अफसर होने के चलते इस समय के अभी भी दो दर्जन के करीब अफसरों को आईपीएस अवार्ड होना बाकी है। इस बैच के एएसपी की नौकरी को 25 साल पूरे होने जा रहे हैं, इन्हें नौ साल पहले आखिरी ग्रेड-पे का फायदा मिला था। इस बैच के सभी अफसरों को आईपीएस अवार्ड होने में अभी दो साल और लग सकते हैं।

तैयार प्रस्ताव में बताया गया है कि जूनियर एसपीएस की 555 पोस्ट पर 5400, एसपीएस सीनियर स्कैल के 355 पदों पर 6600, सिलेक्शन ग्रेड के 240 पदों पर 7600, सीनियर सिलेक्शन ग्रेड के 80 पदों पर 8700, सुपर सीनियर सिलेक्शन ग्रेड के 32 पदों पर 8900 और सुपर टाइम स्केल पे ग्रेड के 13 पदों पर 10 हजार रुपए ग्रेड पे दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *