अंबेडकरनगर कारागार का सीएम योगी कल करेंगे लोकार्पण, प्रशासनिक तैयारियां तेज 

0

 अम्बेडकरनगर 
जनपद कारागार का सोमवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। जेल 970 कैदियों की क्षमता का है। आयुक्त और आईजी रेंज अयोध्या समेत जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों ने रविवार को जेल में पहुंच कर वहां की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री एक बजे जनपद में आएंगे।

जनपद कारागार का निर्माण 100 करोड़ से अधिक की लागत से राजकीय निर्माण निगम ने किया है। अनौपचारिक रूप से इमसें बंदियों को दो माह पहले से ही रख दिया गया है। पिछली बार जब जलालपुर विधान सभा के उप चुनाव के समय मुख्यमंत्री जनपद में आए थे और करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था तो उसी समय ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि जेल का भी लोकार्पण उनके हाथों हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जेल में फैजाबाद मंडल कारागार से 52 बंदियों को रखा गया था। उस समय शासन स्तर से जेल को शुरू कराने के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद डीएम राकेश कुमार मिश्र ने पूरी तैयारी के बाद इसे शुरू कराया था। हालांकि अभी तक यहां पर जनपद के बंदियों को फैजाबाद मंडल कारागार से स्थानान्तरित नहीं किया गया है।

सितम्बर और अक्तूबर माह में बारिश के कारण बलिया जेल में अत्यधिक पानी भरने के बाद वहां के 400 से अधिक बंदियों को यहां के जिला जेल में रखा गया था। अब फिलहाल वहां के बंदियों को बलिया जेल में फिर से स्थानान्तरित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर साफ सफाई का कार्य भी शुरू हो गया है। अभी शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर की जेलों की व्यवस्थाओं के सम्बंध में जानकारी ली थी। उन्होंने जेलों में सुविधाओं को बढ़ाने का भी आदेश दिया था। ऐसे में उनके आगमन के बाद यहां की जेल में कुछ सुविधाएं बढ़ने के भी आसार नजर आ रहे हैं। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार को दिन में एक बजे आएंगे। उनके आगमन के बाबत समस्त तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा किसी अन्य कार्यक्रम के बारे में जिला प्रशासन को सूचना नहीं है। डीएम ने बताया कि फिर भी मुख्यमंत्री के दौरे के चलते हर स्तर की तैयारी की जा रही है।

122 बंदी जेल में निरुद्ध हैं
जिला कारागार में इस समय 112 बंदी निरुद्ध हैं। जेल के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 52 बंदी अयोध्या मंडल कारागार से यहां आए हुए हैं। इसके अलावा 60 बंदी जम्मू और कश्मीर के इस जेल में बंद हैं। मुख्यमंत्री के अचानक लोकार्पण कार्यक्रम से पूरा जेल महकमा सतर्क हो गया है। जो भी कमियां हैं उन्हें दूर करने की तेजी से कोशिश की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री लोकार्पण के बाद कुछ बंदियों से मिल भी सकते हैं। हालांकि इसकी कोई पुष्ट खबर नहीं है। एनसीसी और एनएसएस के छात्र छात्राओं के भी जेल के कार्यक्रम में जाने की खबर मिल रही है।

जेल परिसर में ही बनाया जा रहा है हेलीपैड
जनपद में सोमवार को जेल का लोकार्पण करने आ रहे मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर जेल परिसर में ही उतरेगा। हेलीकाप्टर को उतरने के लिए वहीं पर हेलीपैड बनाया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी हेलीपैड बनाने में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सभागार में होगा, वहीं से नवनिर्मित जेल का लोकार्पण करेंगे। रविवार को आयुक्त एमपी अग्रवाल, आईजी रेंज अयोध्या डा. संजीव गुप्त, डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी आलोक प्रियदर्शी ने कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त और आईजी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed