60 करोड़ के टर्बो इंजन वाले विमान में उड़ान भरेगी सरकार

0

भोपाल
मध्यप्रदेश सरकार अब उड़ान भरने के लिए 60 करोड़ कीमत का नया विमान खरीदने जा रही है। इस विमान खरीदी के लिए कंपनी को आदेश भी जारी कर दिया गया है। इसके पहले होंडा जेट कंपनी ने भी सरकार को विमान खरीदने का न केवल प्रस्ताव दिया था, बल्कि एक विमान भेजकर डेमो भी दिया था। वह पसंद नहीं आने की वजह से सरकार ने अब टर्बो प्रोपलर एयरक्राफ्ट खरीदने का फैसला किया है। इस विमान को प्रदेश की हवाई पट्टियों के लिए बेहतर माना गया है। दरअसल प्रदेश सरकार के बेड़े में शामिल विमान और हैलीकॉप्टर पुराने होने के साथ कुछ अनुपयोगी हो चुके हैं। सरकार इन्हें बेच रही है। पुराने हैलीकॉप्टर और प्लेन के लिए ग्राहक तलाशने के साथ सरकार को वीवीआईपी के लिए नया विमान भी चाहिए था। इसी जरूरत को देखते हुए यह नया विमान खरीदने का फैसला किया गया है।

होण्डा जेट कंपनी देश के सभी राज्यों में डेमो दे रही है। इसके लिए कंपनी ने सभी राज्यों में अपने जेट प्लेन भेजे हैं। उसी के तहत यह प्लेन मध्यप्रदेश आया था। इसकी कीमत 39 करोड़ 38 लाख है। इस प्लेन को एक्सपर्ट सहित अन्य अफसरों ने देखा लेकिन उन्हें इसकी खूबियां पसंद नहीं आईं। इसका प्रमुख कारण यह है कि चार सीट वाला यह जेट प्लेन बड़ी हवाई पट्टी पर ही उतर सकता है, जबकि मध्यप्रदेश की अधिकांश हवाई पट्टियां छोटी हैं। इसको उड़ान भरने और उतरने में भी अधिक समय लगता है।

राज्य सरकार के विमान बेड़े में जल्द ही नया प्लेन शामिल होने जा रहा है। 60 करोड़ रुपए के इस टर्बो प्रोपलर एयरक्राफ्ट के लिए राज्य सरकार ने सौदा कर लिया है। यह टेक्सटॉन एवीएशन कंपनी का ब्रीचक्राफ्ट 250 एयरक्राफ्ट है। 9 सीटर यह प्लेन कई खूबियों वाला है। इसमें सबसे बड़ी खूबी यह है कि अधिक सीट क्षमता होने के बाद भी छोटी हवाई पट्टियों पर भी उतर सकता है। हवाई पट्टी छोड़ते ही यह तेजी से उड़ान भरने की क्षमता रखता है। इसी प्रकार रनवे पर उतरने में इसे वक्त नहीं लगता। इससे इसमें यात्रा करने वाले वीवीआईपी के समय में भी बचत होगी।

यह है विमान बेड़े की स्थिति

  • सुपर किंग बी 200 एयरक्राफ्ट, बैठक क्षमता 7 यात्री 2 पायलट है। वर्ष 2002 में खरीदा गया था।
  • हैलीकॉप्टर दो इंजन। वर्ष 2001 में खरीदा गया था। बैठक क्षमता 6 यात्री और दो पायलट की है।
  • बैल 430 हैलीकॉप्टर, दो इंजन वाले इस हैलीकॉप्टर की बैठक क्षमता 6 यात्री, दो पायलट की है। इसे वर्ष 1998 में खरीदा गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *