सिंचाई परियोजनाओं के लिए 139 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत

0

रायपुर
राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में सिंचाई-जल परियोजनाओं के निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए 139 करोड़ 80 लाख 43 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। योजनाओं के निर्माण से 18 हजार 352 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के विकासखण्ड चारामा की खैरखेड़ा तालाब के जीर्णोद्वार कार्य के लिए दो करोड़ 97 लाख 55 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। तालाब के मरम्मत कार्य के उपरांत 225 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई उपलब्ध हो सकेगी। चारामा के अरौद उद्धवहन योजना के लिए एक करोड़ 72 लाख 45 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 210 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। बस्तर जिले के विकासखण्ड बकावंड के ग्राम करंजी में बोरिया नाला पर स्टापडेम निर्माण के लिए एक करोड़ 27 लाख 53 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। स्डापडेम के निर्माण से निस्तारी, पेयजल के साथ ही 75 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। बेमेतरा जिले के विकासखण्ड धमधा की डगनिया डायवर्सन योजना के मरम्मत कार्य के लिए एक करोड़ 33 लाख 40 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। डायवर्सन के मरम्मत से 101 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी। विकासखण्ड नवागढ़ के टेमरी उद्धवहन योजना के नहर मरम्मत और 33 के.व्ही. विद्युत केन्द्र स्थापना के लिए दो करोड़ 97 लाख 38 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 1021 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कबीरधाम जिले के विकासखण्ड पंडरिया की कपाट नाला डायवर्सन योजना के लिए दो करोड़ 74 लाख 36 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 110 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। विकासखण्ड सहसपुर लोहारा के सुतियापाट परियोजना के बरगांव माईनर के रिमॉडलिंग और नहर विस्तारीकरण कार्य के लिए आठ करोड़ सात लाख 63 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के पूरा होने से 2312 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। गरियाबंद जिले के विकासखण्ड फिंगेश्वर की जोगीडीपा जलाशय के नहर मरम्मत कार्य के लिए दो करोड़ 72 लाख 35 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है। कार्य के पूरा होने के पश्चात 1012 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। दुर्ग जिले के विकासखण्ड दुर्ग की पीसेगांव उद्धवहन योजना के नहर नाली मरम्मत कार्य के लिए एक करोड़ 64 लाख 50 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 202 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रस्तावित है। दुर्ग के तान्दुला परियोजना अंतर्गत हथखोज वितरक नहर के मरम्मत कार्य के लिए दो करोड़ 93 लाख 38 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 531 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। दुर्ग के ननकट्टी व्यपवर्तन योजना के नहर मरम्मत और नहर विस्तार के लिए दो करोड़ 97 लाख 88 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 123 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। दुर्ग की मासाभाट जलाशय नहर मरम्मत कार्य के लिए दो करोड़ 38 लाख 63 हजार रूपए की र्प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। योजना से 319 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *