आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चार की मौत

0

आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भीषण हादसा हो गया। इसमें कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। इनमें मां, उसके दोनों बेटे और बहन शामिल हैं। अन्य घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक इटावा के रहने वाले थे।
हादसा आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर 32वें माइलस्टोन के पास शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे हुआ। आगरा से लखनऊ की ओर जा रही विटारा ब्रीजा कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार एक बच्‍ची को भी चोटें आई हैं। यह सभी इटावा जिले के भरथना के पास पाली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बहुत जोरदार थी टक्कर
टक्‍कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे के हिस्‍से के परखच्‍चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने जब जोरदार टक्‍कर की आवाज सुनी तो मौके पर मदद के लिए दौड़े। पुलिस और एक्‍सप्रेसवे कर्मियों को सूचित किया गया। घायलों तक जब तक मदद पहुंच पाती, तब तक कार सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पहुंचकर हादसे में घायल दो लोगों को अस्‍पताल भिजवाया। इनमें एक घायल की अस्पताल में मृत्यु हो गई।

मृतकों में दो भाई रोहित (29), मोहित (22), उनकी मां विनीता के अलावा मौसी सुदामा पत्नी श्रीचंद्र शामिल हैं। सुदामा इटावा के थाना भरथना के गांव बरुआ (पाली) की रहने वाली थीं जबकि तीनों मां-बेटे भरथना थाना क्षेत्र के नगला चुन्नी (पाली) गांव के रहने वाले थे। कार में सवार बच्चे को मामूली चोट आई हैं।

कार में एक आधार कार्ड मिला, जिस पर रोहित यादव निवासी भरथना इटावा लिखा हुआ था। इसी से कार सवार लोगों की पहचान हुई। हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। कार की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार ट्रक के नीचे घुस गई थी। उसे क्रेन से निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *