UP में कांग्रेस की नई टीम, अजय लल्लू को कमान

0

लखनऊ
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा फेरबदल किया है। राज बब्बर को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाते हुए यह जिम्मेदारी पार्टी नेता और कुशीनगर से विधायक अजय कुमार लल्लू को दी गई है। इसके अलावा पार्टी के कद्दावर नेता प्रमोद तिवारी की बेटी और रामपुर खास से पार्टी की विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' को सदन में विधायक दल का नेता बनाया गया है। आराधना से पहले यह जिम्मेदारी अजय कुमार लल्लू के पास ही थी।

इनके अलावा पार्टी ने चार प्रदेश उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। वीरेंद्र चौधरी, पंकज मलिक, ललितेशपति त्रिपाठी और दीपक कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बता दें कि राज बब्बर को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने की चर्चा लोकसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद से ही चल रही थी। हालांकि राज बब्बर ने खुद इस्तीफे की पेशकश की थी। मगर पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था। हालांकि कांग्रेस की नए चेहरे के लिए खोज जारी थी और इसमें अजय कुमार लल्लू का नाम सबसे आगे था।

कौन हैं अजय कुमार लल्लू
अजय कुमार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के सारथी के तौर पर देखा जाता है। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से पहले उन्हें प्रियंका गांधी की टीम में रखा गया था। कुशीनगर के तमकुहीराज से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए अजय कुमार लल्लू को पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक बदलाव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। साथ ही वह सदन में कांग्रेस के विधायक दल के नेता भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *