September 20, 2024

हरियर छत्तीसगढ़: आज से प्रदेश व्यापी वृक्षारोपण महा-अभियान : मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ: राज्य में 8.02 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

0

जोगी एक्सप्रेस रायपुर 

रायपुर चालू मानसून के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की घोषणा के अनुरूप राज्य में हरियर छत्तीसगढ़ वृक्षारोपण महाभियान के तहत आठ करोड़ 02 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री कल 20 जुलाई को नया रायपुर स्थित ग्राम थनौद में दोपहर 12.05 बजे छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों और आम नागरिकों के साथ इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के तहत थनौद में राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में दस हेक्टेयर के रकबे में विभिन्न प्रजातियों के सात हजार पौधे रोपे जाएंगे। इनमें आम के 2500, आंवला के 1000, मुनगा के 1000, कटहल के 500, बहेड़ा के 500, बेल के 400, सीताफल के 100, कहुवा के 100, नीम के 200, महुआ के 500, जामुन के 100, अमरूद के 100 पौधे शामिल हैं।  मुख्यमंत्री थनौद में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैम्प के पास महानदी मुख्य नहर के किनारे वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके अंतर्गत नहर के दोनों किनारों पर एक किलोमीटर की लम्बाई में तीन हजार पौधे लगाए जाएंगे। अगले तीन साल में इस नहर के दोनों तरफ कुल 64 किलोमीटर की लम्बाई में वृक्षारोपण किया जाना प्रस्तावित है। राज्य स्तरीय वन महोत्सव के साथ ही कल 20 जुलाई को प्रदेश के शेष 26 जिलों में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रमों के अलावा सभी विकासखण्डों में प्रमुख स्थानों पर तथा स्कूलों, शासकीय और अर्धशासकीय निकायों, पंचायत परिसरों, आंगनबाड़ी परिसरों आदि में भी जनभागीदारी से वृक्षोरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार ने हरियर छत्तीसगढ़ वृक्षारोपण महाभियान के तहत इस वर्ष आठ करोड़ 02 लाख पौधे लगाने के लिए विभागवार लक्ष्य भी आवंटित कर दिया है। सर्वाधिक छह करोड़ 08 लाख पौधे वन विभाग द्वारा, 81 लाख पौधे वन विकास निगम द्वारा, 25 लाख पौधे आवास और पर्यावरण विभाग द्वारा और 45 लाख पौधे कृषि विभाग द्वारा लगाने का लक्ष्य है। महिला और बाल विकास विभाग को चार लाख, नगरीय प्रशासन विभाग को दो लाख, आदिम जाति विकास विभाग को एक लाख, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को एक लाख, खाद्य विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग को भी एक-एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *