बिहार की सीटों पर कांग्रेस और राजद में सुलह

0

पटना : बिहार में लोकसभा सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में विवाद सुलझ गया है। महागठबंधन में शामिल पार्टियां जल्द पटना में इसका ऐलान करेंगी। इसके साथ पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा छह अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद ‘शॉटगन’ ने कहा कि नवरात्रि में शुभ मुहूर्त होता है। इसलिए, वह अच्छे काम की शुरुआत छह अप्रैल से करेंगे।

महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर चल रहे झगड़े की वजह से गुरुवार को शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस का हाथ नहीं थाम पाए। क्योंकि, पटना साहिब सीट को लेकर महागठबंधन में फैसला नहीं हो पा रहा था। कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात के बाद उन्होंने साफ किया कि हालात कुछ भी हों, वह लोकसभा चुनाव पटना साहिब से ही लड़ेंगे। बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि सिन्हा ने राष्ट्रहित में कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है। वह हमारे स्टार प्रचारक होंगे।

सीटों को लेकर तनातनी के बीच प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक की। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सुपौल और पटना साहिब सीट कांग्रेस के पास रहेगी। जबकि दरभंगा से राजद उम्मीदवार खड़ा कर सकता है। ऐसी स्थिति में कीर्ति आजाद बेतिया से चुनाव लड़ेंगे। प्रदेश कांग्रेस नेता किशोर कुमार झा कहते हैं कि मिथिलांचल में कांग्रेस को एक सीट जरूर मिलनी चाहिए थी। यह भले ही दरभंगा, मधुबनी या सीतामढ़ी हो। इससे पार्टी को मजबूती मिलती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *