भूपेश की टीम में दो डॉक्टर, इंजीनियर और वकील भी

0


रायपुर-छत्तीसगढ़ में मंगलवार को 9 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इन्हें मिलाकर मुख्यमंत्री सहित अब 12 मंत्री बनाए जा चुके हैं। वहीं एक मंत्री और बनाया जाएगा। मंत्रिमंडल में शामिल विधायकों में दो डॉक्टर, एक वकील और एक इंजीनियर भी हैं। मंत्रिमंडल में शामिल डॉ. शिव कुमार डहरिया और डॉ. प्रेमसाय सिंह दोनों बीएएमएस डॉक्टर हैं। वहीं मंत्री रविन्द्र चौबे वकील हैं।
रविन्द्र चौबे का जन्म 28 मई 1957 को हुआ। उनके पिता का नाम स्वर्गीय देवी प्रसाद चौबे है। रविन्द्र चौबे बेमेतरा जिले के साजा तहसील के ग्राम मोैंहाभाठा निवासी हैं। उन्होंने पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय रायपुर से बी.एस.सी. और एल.एल.बी. की डिग्री हासिल की है। वे छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। वे साजा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। इसके पहले श्री चौबे वर्ष 1985, 1990, 1993 और 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा और वर्ष 2003 तथा 2008 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए। वे अविभाजित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मंत्री रह चुके हैं। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्ष 2009 से 2013 तक नेता प्रतिपक्ष रहे हैं।
डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम सूरजपुर जिले की तहसील प्रतापपुर के ग्राम अमनदोन के निवासी हैं। वे प्रतापपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। इनके पिता का नाम स्वर्गीय मंजन सिंह टेकाम है। डॉ. प्रेमसाय सिंह ने रायपुर के शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय से बीएएमएस की डिग्री प्राप्त की है। डॉ. प्रेमसाय सिंह मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
डॉ.शिवकुमार डहरिया रायपुर निवासी हैं। उनके पिता का नाम आशाराम डहरिया है। वे आरंग निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। डॉ. डहरिया ने रायपुर के शासकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय से बी.ए.एम.एस की डिग्री प्राप्त की है।
वहीं सबसे कम उम्र 34 साल में खरसिया विधायक उमेश पटेल को मंत्री बनाया गया है। उमेश पटेल रायगढ़ जिले के ग्राम नंदेली निवासी हैं। वे स्वर्गीय नंदकुमार पटेल के पुत्र हैं। उन्होंने भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी दुर्ग से इनफरमेशन टेक्नालॉजी में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की है। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा में दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं।
मोहम्मद अकबर रायपुर निवासी हैं। उनके पिता का नाम मोहम्मद रसीद है। वर्तमान में वे कवर्धा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने दुर्गा महाविद्यालय रायपुर से बी.कॉम की डिग्री प्राप्त की है। श्री मोहम्मद अकबर छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
कवासी लखमा सुकमा जिले के ग्राम नागारास निवासी हैं। उनके पिता का नाम श्री कवासी हड़मा है। वे चौथी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। वर्तमान में लखमा कोन्टा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं।
अनिला भेंडिय़ा डौडीलोहारा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुई हैं। उनके पति रविन्द्र कुमार भेंडिय़ा हैं। वे बालोद जिले के विकासखंड मुख्यालय डौडीलोहारा की निवासी हैं। श्रीमती भेंडिय़ा इसके पहले वे वर्ष 2013 में छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने पंडि़त रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से समाज शास्त्र में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की हैं।
जय सिंह अग्रवाल कोरबा के निवासी हैं। श्री अग्रवाल का जन्म 01 मार्च 1963 को हुआ। उनके पिता का नाम स्वर्गीय रामकुमार अग्रवाल है। वे छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। वे अविभाजित मध्यप्रदेश में वर्ष 1996 से 1998 तक साडा अध्यक्ष रहे। वे कोरबा निर्वाचन क्षेत्र से तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।
गुरू रूद्रकुमार रायपुर निवासी हैं। उनके पिता विजय कुमार गुरू हैं। उन्होंने दुर्गा महाविद्यालय रायपुर से बी.ए. की डिग्री प्राप्त की हैं। वर्तमान में वे अहिरवारा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा में दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed