कांग्रेसियों को होना चाहिए जनता पर विश्वास : कौशिक

0

रायपुर । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने एकात्म परिसर में 23 नवंबर शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। भौगोलिक स्थिति को देखते हुए नक्सल गढ़ बस्तर में भी मतदाताओं ने लोकतंत्र पर विश्वास करते हुए निर्भीक होकर मतदान के लिए घरों से निकले। इतने अधिक आतंक के बाद भी उनका साहस प्रशंसनीय है। भाजपा इसके लिए आभार व्यक्त करती है, और बीएसएफ के जवानों का भी आभार व्यक्त करती है, जिनके कारण लोगों का भय समाप्त हुआ और लोकतंत्र पर आस्था व्यक्त किया। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और राज्य के नेताओं ने भरपूर प्रयास कर 65 प्लस मिशन को आगे बढ़ाया है। आगामी 11 दिसंबर को जब मतगणना होगी, तो चौथी बार भाजपा की सरकार बनेगी, ऐसा विश्वास मतदान के प्रति लोगों के उत्साह को देखकर किया जा रहा है। चुनाव आयोग और प्रशासन ने जिस प्रकार शांतिपूर्ण मतदान करवाया है, उसी प्रकार मतगणना भी शांतिपूर्वक होनी चाहिए। कांग्रेस ने ईव्हीएम की रखवाली के लिए पहरा देने और रात को सोने के साथ ही सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है। कौशिक ने कहा कि चुनाव आयोग को कांग्रेस की मांगों को मान लेना चाहिए, नहीं तो उन्हें यह मलाल रहेगा कि ईव्हीएम मशीन की चौकीदारी नहीं कर सके। कौशिक ने कहा कि कांग्रेस को जनता के ऊपर विश्वास करना चाहिए। कांग्रेस हार के डर से मतगणना के पहले इस प्रकार की भूमिका निभा रही है। कांग्रेस को ईव्हीएम का बुखार चढ़ा है। एक प्रश्न की कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने 25 हैकर दिल्ली से बुलाने का आरोप लगाया है। इस पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है। कौशिक ने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है, उनके प्रति इस प्रकार की सोंच कांग्रेस की हार को बताता है। आम आदमी पार्टी ने किसके अधिक वोट काटे इस पर उन्होंने कहा भाजपा की जितना वोट आम आदमी पार्टी ने काटा है उसका चार गुणा कांग्रेस का वोट काटा है। यह मैं अपने विधानसभा क्षेत्र के अनुभव को देखकर कह रहा हूं। किसानों के कर्जमाफी, दो साल का बोनस और बेरोजगारी भत्ता की घोषणा पर उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस पर विश्वास नहीं करती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed