बूथों पर भाजपा की मजबूती से विपक्ष में बौखलाहट: श्रीकान्त

0

रायपुर/ बलौदाबाजार । छत्तीसगढ़ में भाजपा अपने जांचे, परखे, खरे चेहरे डाॅ. रमन सिंह के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से चुनाव जीत रही है। हम अपने देवतुल्य बूथ कार्यकर्ताओं के अथक श्रम की बदौलत इस जीत को विराट स्वरूप प्रदान करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत‘ की मंशा का साकार रूप में छत्तीसगढ़ के हर बूथ पर प्रत्यक्ष है। इस मजबूती से विपक्षियों में बेचैनी है, बौखलाहट है। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को बलौदाबाजार विधानसभा सीट के मंडल पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने ये बातें कहीं।
श्री शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि 11 दिसंबर को निश्चित हार से घबराई कांग्रेस कोरे हवाई वादों के ‘जुमला पत्र‘ के सहारे जनता को बरगलाने का प्रयास कर रही है। अपने झूठ पर लोगों को यकीन दिलाने के लिए कांग्रेसी हाथ में गंगाजल के साथ शपथ लेकर झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। यह सच है कि जनता में कांग्रेस की कोई विश्वसनीयता नहीं है, इसलिए लुभावने झूठे वादों से वह जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। हमें अपने बूथ कार्यकर्ताओं संग बूथ स्तर के प्रचार अभियान में जनता को इस झूठ की हकीकत बताकर, उन्हें अपने 15 साल के सुशासन की उपलब्धियों और जन कल्याणकारी कार्यों के बारे में बताना है। हमें जनता को बताना है कि 15 साल में छत्तीसगढ़ में जितने बदलाव आए हैं, वो छत्तीसगढ़ को ‘नवा छत्तीसगढ़‘ बनाने के रमन सरकार के संकल्प का प्रमाण हैं। इसे कहने के लिए हमें हाथ में गंगाजल लेने की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ के गांव-गांव और शहर-शहर में रमन सरकार का काम दिख रहा है।


श्री शर्मा ने इस दौरान बलौदाबाजार विधान सभा के तीन मंडलों का दौरा किया। उन्होंने सुहेला, सिमगा और तिल्दा मंडल में पहुंचकर मंडल पदाधिकारियों और वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं संग चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। पार्टी की प्रचार गतिविधियों में तेजी लाने और प्रभावी जनसंपर्क से हर घर तक भाजपा के संदेश की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने मंडलवार रणनीतियों पर भी पदाधिकारियों संग विचार-विमर्श किया। सुहेला मंडल के 9 शक्ति केंद्रों व 69 बूथों, सिमगा मंडल के 3 शक्ति केंद्रों व 20 बूथों, तिल्दा (ग्रामीण) मंडल के 9 शक्ति केंद्रों व 86 बूथों और तिल्दा (शहरी) मंडल के 5 शक्ति केंद्रों व 24 बूथों के पार्टी के पदाधिकारियों से चर्चा के क्रम में श्री शर्मा ने बूथों पर पार्टी के चुनाव सामग्री के वितरण और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिदिन के जनसंपर्क की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed