हजारों अवैध कब्जे आबाद, पद्मश्री पर टूटा महापौर का कहर : श्रीवास्तव

0

रायपुर । नगर निगम रायपुर के पूर्व सभापति और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने पद्मश्री भारती बंधु का मकान तोड़कर उनके परिवार को बेघर करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह महापौर प्रमोद दुबे की घोर संवेदनहीनता और अमानवीयता का प्रमाण है। उन्होंने यह बर्बर कार्रवाई करवाकर न केवल पद्मश्री बल्कि छत्तीसगढ़ का अपमान किया है। साथ ही एक परिवार के सिर से उसकी छत छीनने का पाप किया है।
श्रीवास्तव ने कहा कि नगरनिगम सीमा क्षेत्र में हजारों मकान ऐसे हैं जो कांग्रेसियों ने अवैध कब्जा करवाकर आबाद किये हैं। इन्हें तोडऩे की चिंता महापौर दुबे को नहीं है। वे एक तरफ तो कांग्रेसियों के अवैध कब्जों से आंखें मूंदे रहते हैं दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ का गौरव सूफी गायक भारती बंधु को बिना व्यवस्थापन के ही बेघर कर उस परिवार पर कहर बरपा दिया।
श्रीवास्तव ने कहा कि जहां भाजपा की प्रदेश और केन्द्र सरकार आवास क्रांति लाकर देश के सभी परिवारों को आवास उपलब्ध कराने संकल्पित है, वही रायपुर के कांग्रेसी महापौर ने पद्मश्री भारती के घर पर दमनकारी बुलडोजर चलवा दिया। उन्होंने कहा कि महापौर दुबे यह स्वीकार कर चुके हैं कि यह कार्रवाई नगर निगम ने ही की है तो वे यह जवाब दें कि बिना व्यवस्थापन यह कृत्य क्यों किया गया? श्रीवास्तव ने भारती बंधु के कथन का हवाला देते हुए कहा कि बिना सूचना दिये भारती बंधु का मकान मिट्टी में मिला देना महापौर की किस संवेदनशीलता का नमूना है?
श्रीवास्तव ने कहा कि भारत सरकार से पद्मश्री सम्मान प्राप्त भारती बंधु को तत्काल उनके सम्मान के अनुरूप आवास उपलब्ध कराया जाये और इस अमानवीय कृत्य के लिए नगरनिगम की संवेदनहीन अफसरशाही पर कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनाएं भारती बंधु के साथ हैं। महापौर इस गैर जिम्मेदाराना अमानवीय और बर्बर कार्रवाई के लिए माफी मांगें तथा उनके परिवार का ससम्मान व्यवस्थापन करायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed