पांच संभागों के लिए पशु रेस्क्यू वाहन सेवा शुरू पशुधन विकास मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

0


रायपुर, राज्य शासन के पशुधन विकास विभाग द्वारा सड़कों पर दुर्घटना में घायल होने वाले पशुओं के समुचित उपचार के लिए पशु रेस्क्यू वाहन सेवा शुरू की गई है। प्रथम चरण में प्रदेश के पांच संभागों में यह सेवा शुरू हो गई है। पशुधन विकास मंत्री  बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां शंकर नगर स्थित अपने निवास से पांच राजस्व संभागों के लिए पांच पशु रेस्क्यू वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष श्री सुभाष तिवारी, संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डाॅ. एस.के. पाण्डेय सहित पशुधन विकास विभाग के अनेक वरिष्ठ उपस्थित थे।
कृषि मंत्री श्री अग्रवाल ने घायल पशुओं को पशु रेस्क्यू वाहनों पर चढ़ाने के लिए वाहनों में लगाए गए हाईड्रोलिक सिस्टम की कार्य प्रणाली का अवलोकन भी किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि रेस्क्यू वाहन सेवा शुरू होने से पशुधन की हानि रोकने में मदद मिलेगी। गौवंशीय पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए रेस्क्यू वाहन सेवा उपयोगी साबित होगी। संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डाॅ. एस.के. पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राज्य मार्गो तथा जिला प्रमुख मार्गो में वाहनों से दुर्घटना ग्रस्त होने वाले पशुओं के प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी पशु चिकित्सा संस्थानों या गौ शालाओं तक ले जाने के लिए पशु रेस्क्यू वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। प्रथम चरण में पांच संभागों रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर और दुर्ग के लिए पांच वाहनों की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *