मिनी माता और रेशम लाल जांगड़े ने देश और समाज के लिए अर्पित कर दिया अपना सम्पूर्ण जीवन : डॉ. रमन सिंह

0

सतनामी धर्मशाला के लिए 10 लाख रूपए की घोषणा की
मुख्यमंत्री शामिल हुए मिनी माता और
रेशम लाल जांगड़े की पुण्य तिथि के कार्यक्रम में

रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद स्वर्गीय मिनी माता ने समाज के दबे, कुचले तबकों स्वाभिमान जगाने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कार्य किया। स्वर्गीय श्री रेशमलाल जांगड़े भी प्रदेश के अत्यंत कर्मठ और सजग लोकसभा सांसद और विधायक थे। मुख्यमंत्री ने कहा-स्वर्गीय श्रीमती मिनी माता और स्वर्गीय श्री रेशमलाल जांगड़े ने राज्य, देश और समाज के विकास के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन अर्पित कर दिया। मिनी माता एक जागरूक सांसद के रूप में समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संसद में भी लगातार आवाज उठाती रहीं।
डॉ. सिंह आज जिला मुख्यालय राजनांदगांव में सतनाम सेवा समिति द्वारा स्वर्गीय मिनीमाता और पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री रेशमलाल जांगड़े की पुण्य तिथि पर आयोजित कार्यक्रम में जनता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में एक पुस्तक का भी विमोचन किया। उन्होंने स्वर्गीय मिनीमाता को छŸाीसगढ़ की अस्मिता के प्रतीक, जागरूक महिला बताया। मुख्यमंत्री ने जीई रोड राजनांदगांव स्थित सतनामी धर्मशाला के अपूर्ण निर्माण कार्यों को पूर्ण करवाने के लिए 10 लाख रूपए का स्वेच्छा अनुदान स्वीकृत करने की भी घोषणा की। उन्होंने सतनामी धर्मशाला पहुंचकर स्वर्गीय मिनीमाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। छत्तीसगढ़ के हितों के लिए भी उन्होंने संसद में आवाज बुलंद की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री रेशमलाल जांगड़े सन 1950 में देश की अंतरिम संसद के सदस्य और 1952 में बिलासपुर से लोकसभा सांसद बने। संसद के अलावा अविभाजित मध्यप्रदेश की विधानसभा में भी उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।

 


मुख्यमंत्री ने कहा – प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम को और अधिक सशक्त बनाया है। स्वर्गीय मिनीमाता के संघर्षों के बदौलत आज अनुसूचित जाति समाज में बहुत बदलाव आया है। आज सतनामी समाज की पहचान एक शिक्षित, जागरूक एवं संगठित समाज के रूप में है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही देश का नेतृत्व करता है। डॉ. सिंह ने समाज में व्याप्त कुरितियों एवं भेदभाव तथा ऊंच-नीच जैसी बुराईयों को मिटाने में बाबा गुरूघासीदास के अवदानों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाबा का संदेश आज भी प्रासंगिक है। हमारे पंथी नृत्य दल के कलाकार आज भी गांव-गांव जाकर बाबा के संदेशों को आगे बढ़ा रहे है। उन्होंने इस अवसर पर बाबा गुरूघासीदास एवं स्वर्गीय मिनीमाता के संदेशों को आत्मसात कर राष्ट्र व समाज के विकास में भागीदारी निभाने की बात भी कही।
लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह ने स्वर्गीय मिनीमाता एवं स्वर्गीय रेशमलाल जांगड़े के योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन्हीं विभूतियों से प्रेरणा लेकर केन्द्र व राज्य सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचिज जनजाति समाज के अलावा अन्य पिछड़े तबकों के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामजी भारती, विधायक श्रीमती सरोजनी बंजारे एवं पूर्व सांसद डॉ. भूषण लाल जांगड़े और जिला सतनामी सेवा समिति के अध्यक्ष श्री रिखीराम गेंण्डरे तथा युवा प्रभाग के अध्यक्ष श्री पार्थ गेंण्डरे ने भी जनता को संबोधित किया। नगर निगम राजनांदगांव के महापौर श्री मधुसूदन यादव, डोंगरगढ़ की विधायक श्रीमती सरोजनी बंजारे, राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी, राज्य भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष श्री अकरम कुरैशी, बीस सूत्रीय कार्यक्रम समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख और नगर निगम के सभापति श्री शिव वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी और कलेक्टर श्री भीम सिंह सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *