मुख्यमंत्री ने की घोषणा: टेकाहरदी में अगले सत्र से हाईस्कूल

0

रायपुर : मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज अपरान्ह राजनांदगांव जिले के ग्राम टेकाहरदी (विकासखण्ड-डोंगरगांव) में आयोजित रानी अवंति बाई के शहादत दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने रानी अवंति बाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने टेकाहरदी में अगले सत्र से हाईस्कूल खोलने की घोषणा की।

डॉ. सिंह ने टेकाहरदी के कार्यक्रम में लोधी समाज के सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। यह भवन राजनांदगांव के चिखली वार्ड में स्थित है। इस भवन के लिए मुख्यमंत्री द्वारा 25 लाख रूपए दिए गए थे। आज टेकाहरदी के कार्यक्रम में समाज के लोगों ने इसके लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया । लोधी समाज के प्रतिनिधियों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने इस भवन के विस्तार के लिए 15 लाख रूपए की अतिरिक्त राशि तत्काल मंजूर करने का भी ऐलान कर दिया। उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम में समाज के कई वरिष्ठजनों को आयोजकों की ओर से सम्मान पत्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा – रानी अवंति बाई हम सबकी आदर्श हैं। बेटियां उनके आदर्श पर चलें और उन्हीं की तरह यशस्वी जीवन की उपलब्धि प्राप्त कर पाएं, यह हमारी कामना है। उन्होंने कहा कि माता महामाया में दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का स्वरूप था। रानी अवंति बाई में भी ऐसे ही गुण थे। डॉ. सिंह ने समाज के सदस्यों से बेटियों की शिक्षा पर विशेष रूप से ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान सहित बालिकाओं और महिलाओं की शिक्षा, उनके स्वास्थ्य आदि के लिए राज्य और केन्द्र शासन द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने लोक सुराज अभियान का भी उल्लेख किया। राजनांदगांव के लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह और लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमलेश्वर वर्मा और समाज की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष श्री मूलचंद वर्मा ने भी लोगों को सम्बोधित किय।
इस अवसर पर नगर निगम राजनांदगांव के महापौर श्री मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री छगन मुंदड़ा, विधायक डोंगरगढ़ श्रीमती सरोजनी बंजारे, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल सहित बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोग प्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *