September 20, 2024

कलेक्टर ने किया आदर्श गौठान खपराभाट का निरीक्षण

0

कलेक्टर ने किया आदर्श गौठान खपराभाट का निरीक्षण
निर्माणाधीन प्राकृतिक पेंट इकाई भवन को
शीघ्र पूरा कर उत्पादन शुरू करने के दिए निर्देश
बालोद 23 दिसम्बर 2022
कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम खपराभाट के आदर्श गौठान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौठान परिसर में निर्माणाधीन गोबर से निर्मित की जाने वाली प्राकृतिक पेंट इकाई भवन का अवलोकन किया और भवन निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा कर प्राकृतिक पेंट का उत्पादन शुरू करने के निर्देश दिए। श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को प्राकृतिक पेंट इकाई हेतु जरूरी संसाधनों की जानकारी ली और भवन निर्माण होते ही संसाधनों की स्थापना और उसके क्रियान्वयन हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग को इस माह के अंत तक मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 10 जनवरी तक अनिवार्य रूप से उत्पादन शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से इस प्राकृतिक पेंट इकाई से प्रतिदिन की कुल उत्पादन के संबंध में जानकारी ली। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इस पेंट इकाई के शुरूआती उत्पादन से स्कूलों, आंगनबाड़ी आदि में उपयोग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पेंट इकाई में सभी प्रकार के रंगों के पेंट निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।
श्री शर्मा ने अधिकारियों से प्राकृतिक पेंट इकाई के समीप खाली पड़ी जगह के संबंध में जानकारी लेते हुए इसकी उपयोगिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके कामकाज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से गौठान में संचालित विभिन्न स्वरोजगारमूलक कार्यों से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने गौठान में किए जा रहे केला उत्पादन के कार्यों की सराहना की। महिलाओं ने बताया कि इस गौठान से बड़ी संख्या में कच्चा एवं पक्का केला तथा चिप्स की बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि गौठान में लगभग 02 एकड़ क्षेत्र में केला का उत्पादन किया जा रहा है। कलेक्टर ने महिलाओं को प्राकृतिक पेंट के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य के संबंध में भी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और एक सप्ताह के भीतर किसानों के खाते में राशि भी डाली जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रूपेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *