अखिलेश सरकार में महिला कोटे से बने 79 अवर अभियंताओं की छुट्टी

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में महिला कोटे से 79 जूनियर इंजीनियरों का नौकरी पाने का एक दिलचस्प मामला प्रकाश में आया है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने अखिलेश यादव सरकार के दौरान वर्ष 2015 में विभिन्न विभागों में अवर अभियंताओं की भर्ती की थी। भर्ती में 20 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थी। आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष चन्द्रभूषण पालीवाल की मानें तो महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों पर पुरुषों की भर्ती कर दी गई थी।

पालीवाल ने बताया कि महिला कोटे के पदों पर पुरुषों की नियुक्ति की सूचना मिली थी। जांच की गई तो शिकायत सही पायी गई। ऐसे 79 जूनियर इंजीनियरों (अवर अभियंताओं) की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। एक सवाल के जवाब में श्री पालीवाल ने बताया कि महिलाओं के कोटे वाले पदों पर पुरुषों की नियुक्ति का कारण नहीं बताया गया है।

उन्होंने बताया कि कुछ और भर्तियों की जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने उन भर्तियों का विवरण तो नहीं दिया लेकिन कहा कि हो सकता है जल्द ही कुछ और खुलासे हों। अवर अभियंता एवं तकनीकी पद सामान्य चयन के तहत 757 पदों पर भर्ती की गई थी। इसमें 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित थे। 151 पदों पर महिलाओं की नियुक्ति की जानी थी, लेकिन सिर्फ 72 पदों पर की गई। परिणाम घोषित होने पर महिलाओं ने काफी हंगामा किया था लेकिन परिणाम सिफर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *