मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों के प्रति कर रहा जागरूक

0

राजधानी के कई स्कूलों और वार्डों में 21 अगस्त तक पहुंचेगा न्याय रथ
न्याय रथ से पीड़ित महिलाओं को मिलेगा समाधान – डॉ. किरणमयी नायक
       रायपुर, 18 अगस्त 2022/ छत्तीसगढ़ में महिलाओं को उनके अधिकारों और विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए शुरू मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ यात्रा राजधानी रायपुर पहुंच चुकी है। विगत 16 अगस्त से महतारी न्याय रथ राजधानी के स्कूलों में पहुंच कर शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से छात्राओं को उनके कानूनी अधिकार की जानकारी दे रहा है। इसके साथ न्याय रथ शहर के विभिन्न स्थानों में भ्रमण कर महिलाओं को जागरूक कर रहा है। यह रथ आगामी 21 अगस्त तक राजधानी के कई स्कूलों और वार्डों में पहुंचेगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने 28 जुलाई को हरेली के अवसर पर मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ को रवाना किया था। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर प्रदेश की महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों और कानूनों की जानकारी देकर जागरूक करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से यह न्याय रथ यात्रा शुरू की गई है। प्रथम चरण में रथ प्रदेश के नौ जिलों में जाएगा।
सबसे पहले दुर्ग जिले के भ्रमण के बाद यह रथ रायपुर जिले में पहुंचा है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने बताया कि मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आयोग की गतिविधियों, महिलाओं के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, शासन की विभिन्न योजनाओं तथा महिलाओं के सशक्तिकरण संबंधित लघु फिल्में दिखाई जा रही हैं, इसमें लैंगिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट से संबंधित फिल्में भी शामिल हैं। ये फिल्में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के साथ खुद के प्रति हिंसा के विरोध का सही रास्ता दिखाएंगी। उन्होंने बताया कि रथ के साथ अधिवक्तागण और आयोग के अधिकारी कर्मचारी भी साथ रहते हैं, जिससे पीड़ित महिलाओं को तत्काल उनकी शिकायतों और जिज्ञासाओं का समाधान मिल सकेगा। न्याय रथ के माध्यम से महिलाएं आवेदन भी दे सकेंगी।
न्याय रथ ने अब तक रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित सरस्वती स्कूल, नयापारा, दानी गर्ल्स स्कूल, सालेम स्कूल, तेलीबांधा स्कूल, बीपी तिवारी स्कूल, मधु पिल्ले स्कूल, त्रिमूर्ति नगर, जागृति नगर और खमतराई में भ्रमण कर लिया है। न्याय रथ 19 अगस्त को नारी निकेतन शासकीय बालिका गृह, 20 अगस्त को शासकीय हाई स्कूल रामनगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जनता कालोनी, कृष्णा नगर, भवानी नगर तथा 21 अगस्त को संजयनगर के अम्बेडकर चौक और धरमनगर, राधा बाई कॉलेज दूधाधारी मठ और टिकरापारा स्कूल पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *