जनता ने भाजपा को साफ कर दिया मगर इनका दिमाग अब भी पहले जैसा है- कांग्रेस

0

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय के ट्वीट पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि फुर्सत में बैठे रमन सिंह का दिल बहलाने के लिए नीली चिड़िया उड़ाने का रोग अब साय को भी लग गया है। लगता है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को उनकी प्रदेश प्रभारी ने संगठन के कामकाज से मुक्त कर दिया है इसलिए वे भी संगठन का कामकाज छोड़कर रमन सिंह के सुर में ताल मिलाते हुए ट्विटर ट्विटर खेल रहे हैं। भाजपा को यह नागवार गुजर रहा है कि देश में छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ की जनता की सराहना हो रही है। छत्तीसगढ़ की तारीफ का मतलब यहां की जागरूक जनता की तारीफ है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार जनभागीदारी से जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है तो भाजपा के बेरोजगार नेताओं को तकलीफ हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि प्रदेश भाजपा के सारे नेताओं का दिमाग कुंठित मानसिकता का गोदाम बन गया है। वे छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का नीतिगत विरोध करने की स्थिति में नहीं हैं क्योंकि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की सभी नीतियां सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग से जुड़ी हुई हैं। कांग्रेस की सरकार जनता के मन का दर्पण है। इसलिए भाजपा के नेता राजनीतिक विरोध करते हैं। लोकतंत्र में विपक्ष के विरोध का सम्मान करना कांग्रेस की संस्कृति है। लेकिन भाजपा के संस्कार में असहमति को दमनकारी तरीके से दबाने का रिवाज है। किंतु भाजपा के नेता छत्तीसगढ़ में यह खयाल अपने दिल से निकाल दें। केंद्र सरकार की दम पर छत्तीसगढ़ की जनता के हितों के खिलाफ जितनी भी दीवारें भाजपा ने खड़ी कीं, सब की सब कांग्रेस सरकार के प्रति जनविश्वास की लहर में बह गईं। भाजपा अपने राजनीतिक विरोधियों को थूक में बहाने का मंसूबा रखती है जबकि कांग्रेस ऐसे मंसूबों को ध्वस्त करने के लिए जनता को निर्णायक मानती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि जनता ने छत्तीसगढ़ में भाजपा को साफ कर दिया लेकिन इनके नेताओं का दिमाग अभी साफ नहीं हुआ है। वह पहले की तरह ही है। इसलिए कभी राजेश मूणत जैसे अभद्र नेता बृजमोहन अग्रवाल के साथ मिलकर धनिया बोने जैसी बात करते हैं तो अब उनके प्रदेश अध्यक्ष अपने पद की प्रतिष्ठा को खूंटी पर टांगकर एक राष्ट्रीय नेता और एक लोकप्रिय मुख्यमंत्री के दिमाग में गोबर जैसी बेहूदा टिप्पणी कर रहे हैं। क्या हम भी यह कहें कि वह इनके दिमाग से लेकर मोदी तक के दिमाग में भरा है जो छत्तीसगढ़ का विकास और यहां की जनता की खुशहाली देखी नहीं जा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *