संत कबीर की वाणी में लोगों को जोड़ने की ताकत:मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह

0

JOGI EXPRESS

रायपुर : संत-समागम में शामिल हुए मुख्यमंत्री : कबीर पंथ के प्रमुख श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने दिया आशीर्वाद

रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जन-जीवन पर संत कबीर के विचारों का गहरा और अमिट प्रभाव है। उनकी वाणी में सभी लोगों को एकता के सूत्र में जोड़ने की ताकत है। कबीर जैसे संत महात्माओं के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ आज विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री आज दोपहर बेमेतरा जिले के ग्राम लोलेसरा में पंथ श्री हुजूर उग्र नाम साहेब स्मृति संत समागम को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. सिंह, विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, सहकारिता पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री दयाल दास बघेल, भाटापारा के विधायक और खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिवरतन शर्मा और बेमेतरा के विधायक श्री अवधेश सिंह चंदेल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों ने इस अवसर पर कबीर पंथ के प्रमुख श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब का आशीर्वाद प्राप्त किया।     मेले में दूर-दूर से हजारों की संख्या में  आए श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा – देश और दुनिया में सामाजिक समरसता की भावना को विकसित करने में कबीर पंथ का योगदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा – सैकड़ों वर्ष पहले संत कबीर ने सामाजिक विषमता और कुरीतियों को दूर करने का जो रास्ता दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। कबीर पंथ के अनुयायी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों की बेहतरी के लिए और समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रही है।
डॉ. सिंह ने कहा – पूरे प्रदेश में किसानों को अब तक चार लाख 32 हजार सिंचाई पंप कनेक्शन दिए जा चुके हैं। बेमेतरा जिले में खारे पानी की समस्या से प्रभावित गांवों में पेयजल समस्या को ध्यान में रखकर प्रभावित गांवों में शिवनाथ नदी से पानी पहुंचाने के लिए समूह नल-जल योजना शुरू की गई है। क्षेत्र में भू-जल स्तर बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है। डॉ. रमन सिंह ने ग्राम बहरमुड़ा सहित इलाके के अन्य गांवों के किसानों को फसल बीमा और सूखा राहत राशि जल्द वितरित करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक श्री अवधेश सिंह चंदेल के आग्रह पर ग्राम लोलेसरा में मेला स्थल की सुरक्षा के लिए अहाता निर्माण, यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय और शैड निर्माण की भी मंजूरी देने की घोषणा की।
कबीर पंथ के प्रमुख श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा – क्षेत्र के लोगों ने अपने गुरू के प्रति प्रेम और आस्था को आज भी कायम रखा है। इस मौके पर पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उनकी सरकार के कार्यो की प्रशंसा की। श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने कहा – स्थिरता के बिना किसी भी देश अथवा राज्य की तरक्की नहीं हो सकती। डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विगत 14 वर्षो से स्थिरता बनी हुई है। यही कारण है कि राज्य में समाज के सभी वर्गो की बेहतरी के लिए सराहनीय कार्य हो रहे हैं। श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की यह विकास यात्रा आगे भी जारी रहेगी और यह राज्य देश के अन्य सभी राज्यों के लिए विकास का एक नया मॉडल बनेगा। श्री प्रकाश मुनि नाम साहेब ने कहा – स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में  राज्य में काफी कार्य हुए हैं। उम्मीद है कि इस दिशा में और भी ज्यादा कार्य होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल और विधायक श्री अवधेश सिंह चंदेल ने भी लोगों को संबोधित किया। इस मौके पर जिले के अनेक वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि, जिला कलेक्टर श्री कार्तिकेय गोयल और अन्य अनेक अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed