कांग्रेस करेगी 12 दिसंबर से जनाधिकार यात्रा का शुभारंभ शिवरीनारायण से नंदेली तक

0

JOGI EXPRESS

रायपुर/ कांग्रेस भवन में आज 14 साल छत्तीसगढ़ बेहाल को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल एवं प्रभारी सचिव कमलेश्वर पटेल ने प्रेसवार्ता लेकर 14 सवाल पूछे, ढेर सारी नाकामियों को गिनाया और सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुये पत्रकारों को विस्तार से बताया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया ने बताया कि कल 12 दिसंबर से जनाधिकार यात्रा का शुभारंभ शिवरीनारायण से नंदेली के लिये किया जा रहा है। जिसके जरिये स्थानीय स्तर पर लोगों को हो रही समस्याओं से कांग्रेसजन रूबरू होंगे। यात्रा के दौरान इसके पहले भी गांव-गांव में सरकार के विरूद्ध जनाक्रोश को देखा गया है, जन अधिकार यात्रा की सफलता एवं जनभागीदारी से स्पष्ट है कि जनता छत्तीसगढ़ में बदलाव चाहती है। श्री पुनिया ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में घोटाले ही घोटाले हो रहे है, यहां तक कि स्वयं मुख्यमंत्री भी संदेह के घेरे में है। उन्हें ऐसा लगता है कि जितनी खुशी और तिहार मनाना है मना लो, आगे यह मौका मिलने वाला नहीं है। सर्वे रिपोर्ट बताती है कि छत्तीसगढ़ में 47.9 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा के नीचे है। राष्ट्रीय क्राईम ब्यूरो रिपोर्ट के मुताबिक देश में महिलाओं के लिये छत्तीसगढ़ सबसे असुरक्षित राज्य है। राज्य में पंजीकृत 20 लाख युवा बेरोजगार है, किसान आत्महत्या कर रहा है, हजारों बच्चियां एवं महिलायें लापता है, वायदो को पूरा नहीं किया जा रहा है, यहां तक कि भ्रष्टाचार और जमीन घोटाले को लेकर विपक्ष विधानसभा में सरकार को घेरे में न ले लें, इस भय के चलते सत्र को दो दिनों में ही समाप्त कर दिया है, ऐसा नजारा कभी किसी राज्य के संसदीय इतिहास में देखने को नहीं मिला है। यह सब कुछ केवल छत्तीसगढ़ के भाजपा सरकार में ही संभव है और यही इस सरकार की 14 वर्षो की उपलब्धियां कही जा सकती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि रमन सरकार की यही उपलब्धि है कि आज 700 गांव बस्तर से उजड़ गये है। नया रायपुर में महिला आरक्षक से बलात्कार होता है तो रायपुर शहर में आरक्षक द्वारा महिला से अनाचार किया जाता है। विकास के नाम पर छत्तीसगढ़ में केवल कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जंगल और खदान खाली हो रहे है, धरातल में कुछ भी नहीं हो रहा है। शिक्षाकर्मियों के साथ लगातार धोखा किया जा रहा है। गाय देने और किसानों का धान की उपज का एक-एक दाना खरीदने के वादे पर अमल नहीं किया गया है। लोग लगातार रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे है। 14 वर्षो में छत्तीसगढ़ की जनता को केवल निराशा मिली है, यही उनकी उपलब्धि है।
प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से संसद सदस्य राज्यसभा छाया वर्मा, विधायक गिरवर जंघेल, चुन्नी लाल साहू, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र तिवारी, प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन, महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायक डाॅ. शिवकुमार डहरिया, मीडिया अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, सुशील आनंद शुक्ला, महेन्द्र छाबड़ा, घनश्याम राजू तिवारी, मो. असलम, विकास तिवारी, आनंद मिश्रा, पारस चोपड़ा, विकास उपाध्याय, अभिषेक शुक्ला, दीपक कर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed