प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य व छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने अगरतला में की कांग्रेस की बैठक

0

त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त परिषद चुनाव में प्रेक्षक व प्रबंधक के रूप में सभा को किया संबोधित

अगरतला 04 मार्च 2021 : छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री व कांग्रेस पार्टी के अनुभवी वरिष्ठ नेता श्री टी एस सिंहदेव केंद्रीय आलाकमान के निर्देश पर त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त परिषद चुनाव में प्रेक्षक व प्रबंधक का दायित्व निभाने अगरतला पहुँचे। श्री टी एस सिंहदेव ने अगरतला पहुंचने के उपरांत त्रिपुरा कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात की एवं काँग्रेस की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में उन्होंने सभी कांग्रेसी सदस्यों के साथ जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त परिषद चुनाव की रणनीति व क्षेत्रीय स्तर की परिस्थितियों के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की। केंद्रीय आलाकमान द्वारा यह नई जिम्मेदारी प्राप्त होने के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव की अगरतला में यह पहली बैठक रही, इस बैठक में उन्होंने कांग्रेस पार्टी की कार्ययोजना और संगठन की नीतियों के जानकारी प्राप्त की। इसके बाद श्री टी एस सिंहदेव ने पत्रकार वार्ता में शामिल होकर मीडिया के साथियों से संवाद किया एवं उनके प्रश्नों का उत्तर दिया।

स्वास्थ्य मंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि हर राज्य और क्षेत्र की अलग-अलग स्थिति होती है, जिसके अनुरूप कार्य किये जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में महिला सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंतनीय है और जो त्रिपुरा सद्भाव के लिए जाना जाता है वहाँ साम्प्रदायिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है एवं हमारी एकजुटता को तोड़ने का प्रयास हो रहा है। इसके साथ ही श्री टी एस सिंहदेव जी ने रोजगार के अवसरों पर भी प्रश्न उठाये उन्होंने कहा कि खेती के साथ ही रबर व बाँस के काम त्रिपुरा में प्रसिद्ध हैं, जिसके माध्यम से स्व-रोजगार का सृजन किया जा सकता है। त्रिपुरा की भाजपा शासित सरकार की नीतियों पर प्रश्न उठाते हुए उन्होंने कहा कि राशन कार्ड के लिए ₹10000 की नीति दुःख पहुँचाने वाली है, यदि कोई मेहमान आपके राज्य में आता है और राशन कार्ड बनवाना चाहे जिसके लिए 10 हज़ार रुपये देने हों तो यह पीड़ादायक है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य प्रश्नों का उत्तर देते हुए समस्त पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *