गोधन न्याय योजना – कोरिया जिले के गौठान बने छत्तीसगढ़ के मॉडल

0

स्व सहायता समूहों के आजीविका के साधन बन रहे गौठानों में निर्मित मल्टीयूटिलिटी सेंटर, हो रही चौतरफा तारीफ


राज्य सरकार के कृषि विभाग ने पत्र जारी कर सभी जिलों को कोरिया की तर्ज पर मल्टीयूटिलिटी सेंटर निर्माण के दिए निर्देश

कोरिया! राज्य शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौठानों को स्वावलंबी बनाने हेतु गोबर से वर्मी कम्पोस्ट व अन्य उत्पाद स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तैयार कराकर स्व-अर्जित आय का स्त्रोत बढ़ाते हुए आदर्श गौठान के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री एसएन राठौर के मार्गदर्शन में कोरिया जिले के गौठानों में मल्टीयूटिलिटी सेंटर निर्मित कराये जा रहे हैं, जिनकी चौतरफा तारीफ हो रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के कृषि विभाग द्वारा पत्र जारी कर प्रदेश भर के गौठानों में कोरिया जिले की तर्ज पर ही मल्टीयूटिलिटी सेंटर के निर्माण का निर्देश दिया गया है। मल्टीयूटिलिटी सेंटर के माध्य़म से स्व-सहायता समूहों की आजीविका से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का संचालन कर गौठानों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा सशक्त प्रयास किये जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री राठौर ने गोधन न्याय योजना से जुड़े सभी विभागों को बधाई प्रेषित की है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के मार्गदर्शन में गांवों की प्रगति हेतु इस योजना से संबंधित सभी विभागों द्वारा अथक मेहनत की जा रही है। गौठान परिसर को ग्रामीण आजीविका का केंद्र बनाने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि सोनहत विकासखंड के अंतर्गत ग्राम घुघरा और पुसला के गौठान में निर्मित मल्टीयूटिलिटी सेंटर में महिलाओं द्वारा फ्लाई ऐश ईंट, फेसिंग पोल, चैन लिंक फेसिंग एवं पेवर ब्लाक टाइल्स आदि का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों को महिलाएं स्वयं कर रही हैं और इसके बाद निर्मित सामानों के विक्रय हेतु मार्केटिंग स्किल को भी बखूबी समझ रही हैं। इसके माध्यम से महिलाएं ना सिर्फ आर्थिक रुप से सक्षम हो रही हैं बल्कि उनमें व्यवसायिक समझ भी विकसित हो रही है। इस प्रकार कोरिया जिले के गौठान महिलाओं के लिए आजीविका के साधन बन रहे हैं।

कोरिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल के हाथों ग्राम घुघरा-पुसला के मल्टीयूटिलिटी सेंटर का शुभारंभ, इस पहल पर की थी जिला प्रशासन की प्रशंसा
कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के अंतर्गत ग्राम घुघरा और पुसला के गौठान में निर्मित मल्टीयूटिलिटी सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 11 दिसंबर को उनके कोरिया प्रवास के दौरान किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले के मल्टीयूटिलिटी सेंटर की ना केवल तारीफ की बल्कि अन्य जिलों को भी इसी तरह की पहल के लिए प्रोत्साहित किया। इस सेंटर में 17 महिला स्व सहायता समूहों द्वारा फ्लाई एस, ब्रिक मेकिंग, पेवर ब्लॉक, चप्पल निर्माण, कृषि उपकरण केंद्र, जैविक दवाई केंद्र, राईस मिल, ई-रिक्शा जैसी आर्थिक गतिविधियों का काम चल रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव एवं गोधन न्याय योजना को संयुक्त रूप से गांवों के विकास और उन्नति की इबारत लिखी जा रही है।
स्व सहायता समूहों को हो रहा है आर्थिक लाभ

कोरिया जिले में 136 ग्रामीण क्षेत्रों एवं 07 नगरीय निकायों के गौठानों में अब तक 2 लाख क्विंटल से अधिक गोबर की खरीदी की जा चुकी हैं तथा 3 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान भी विक्रेताओं को किया जा चुका है। इस सेंटर में फैंसिग पोल निर्माण से स्व सहायता समूहों को 34 लाख एवं चैनलिंक फैंसिंग से 27 लाख रुपए की आमदनी हुई है। ग्राम घुघरा की महिला स्व सहायता समूहों द्वारा प्रतिदिन 4 हजार ईंटों का निर्माण किया जा रहा है, जिसे 3 रुपए/ईंट की दर से बेचा जाता है। अब तक 50 हजार ईंटों का विक्रय समूह द्वारा किया जा चुका है। इसी तरह चप्पल निर्माण से महिलाओं को 1 लाख 35 हजार रुपए की आमदनी हुई है। गौठानों में प्राप्त गोबर से अब तक 24 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया जा चुका है। जिसमें से 15 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का विक्रय किया गया है। इसके ज़रिए ग्राम घुघरा के समूह को 15 हजार रुपए का लाभ हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed