16 जनवरी को होगा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, कार्यक्रम घोषित

0
bjp_jpg_1576404627-1.jpg

 लखनऊ 
भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। इसके तहत भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 16 जनवरी को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। वैसे तो मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का सर्वसम्मति चुना जाना तय है। बावजूद इसके कोई पार्टी नेता नामांकन कर देता है तो 17 जनवरी को मतदान व मतगणना होगी। 16 जनवरी को ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का भी चुनाव किया जाएगा।

80 लोकसभा क्षेत्र में से प्रत्येक क्षेत्र से एक राष्ट्रीय परिषद का सदस्य चुना जाएगा। हालांकि, ये सदस्य भी सर्वसम्मति से चुन लिए जाएंगे। पार्टी के प्रदेश चुनाव अधिकारी आशुतोष टण्डन 'गोपाल' ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के निर्वाचन की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय चुनाव अधिकारी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए 16 जनवरी को पार्टी राज्य मुख्यालय पर नामांकन होगा।

केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव व बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पाण्डेय की मौजूदगी में दोपहर दो से शाम चार बजे तक प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद  शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद शाम बजे से छह बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद यदि आवश्यक हुआ तो 17 जनवरी को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक मतदान होगा। सुबह 11 बजे के बाद मतगणना होगी। 

364 प्रांतीय परिषद के सदस्य हुए हैं घोषित
प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा ने 364 प्रांतीय परिषद के सदस्यों की घोषणा की है। 403 विधानसभाओं में से हर विधानसभा के लिए एक परिषद का सदस्य होना चाहिए। हालांकि, भाजपा ने 364 सदस्य घोषित किए हैं। प्रांतीय परिषद के सदस्य और जिला अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के तहत नामांकन के प्रस्तावक होंगे। यदि चुनाव जरूरी हुआ तो यही दोनों वोट भी डालेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *