यूपी लोक सेवा आयोग: छह साल बाद घोषित हुआ जेई का अंतिम परिणाम
प्रयागराज
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित अवर अभियंता (जेई) परीक्षा 2013 का परिणाम घोषित करना शुरू कर दिया है। इसकी भर्ती प्रक्रिया दिसंबर 2013 में शुरू हुई थी। प्रक्रिया शुरू होने के छह साल बाद शुक्रवार को जेई मैकेनिकल इंजीनियर का अंतिम परिणाम घोषित किया गया। अभी जेई सिविल और कृषि का परिणाम आना शेष है।
इस भर्ती में 2574 पद शामिल हैं। इसके लिए लिखित परीक्षा 22 और 23 मई 2016 को हुई थी जिसमें 13745 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। शुक्रवार को जेई मैकेनिकल इजीनियरिंग के 611 पदों का परिणाम घोषित किया गया। 611 में 606 पद सामान्य चयन और 5 पद विशेष चयन के थे, जिन पर दिव्यांगों को चयनित किया जाना था। 606 पदों के सापेक्ष 1353 को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था जबकि विशेष चयन के पांच पदों के सापेक्ष सिर्फ तीन अभ्यर्थी ही इंटरव्यू में बुलाए गए थे। इनका इंटरव्यू 31 अक्तूबर से 15 नवंबर 2019 तक हुआ था। सामान्य चयन के सभी 606 पदों के लिए चयन किया गया है जबकि विशेष चयन के पांच पदों के लिए इंटरव्यू देने वाले तीन में से मात्र एक पद के लिए ही चयन किया जा सका।
टॉप थ्री में दो आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी
सचिव जगदीश ने बताया कि परिणाम आयोग की वेबसाइट पर देखा जा सकता है। वरिष्ठता सूची में अंकुर रंजन को पहला स्थान मिला है जबकि अभिशेष मिश्र को दूसरा और जितेंद्र कुमार को तीसरा स्थान मिला है। खास बात यह है कि पहला स्थान पाने वाले अंकुर एससी श्रेणी के हैं और उनका चयन अनारक्षित पद पर किया गया है वहीं तीसरा स्थान पाने वाले जितेंद्र ओबीसी श्रेणी के अभ्यर्थी हैं, उनका चयन भी अनारक्षित पद के सापेक्ष किया गया है। महिलाओं में सुकृति यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया है, जो ओबीसी श्रेणी की हैं लेकिन वह भी अनारक्षित पद पर चयनित की गई हैं।
परिणाम के लिए कई बार प्रदर्शन
आयोग ने लिखित परीक्षा के तीन साल बाद 16 अक्तूबर 2019 को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इस दौरान परीक्षार्थियों ने परिणाम घोषित करने के लिए आयोग दफ्तर के सामने कई बार प्रदर्शन किए और अनशन पर बैठे, दो बार लिखित आश्वासन देने के बाद भी आयोग परिणाम घोषित नहीं कर सका था। डॉ. प्रभात कुमार के अध्यक्ष बनने के बाद इसमें तेजी आई तो परिणाम घोषित किया जा सका था। लिखित परीक्षा में 2674 पदों के लिए 3710 अभ्यर्थियों को सफल किया गया था। अभी जेई कृषि और सिविल का अंतिम परिणाम आना शेष है। जेई कृषि के लिए नवंबर और दिसंबर में इंटरव्यू हो चुका है। वहीं जेई सिविल के लिए इंटरव्यू नौ जनवरी को समाप्त हुआ है। इसका परिणाम भी जल्द जारी होने की उम्मीद है।