हार्दिक पांड्या की सगाई से पिता भी हैरान, दिया कुछ ऐसा रिएक्शन

0
hardik_pandya_with_instagram_instagram_1578186443.jpg

मुंबई
भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की बॉलीवुड अभिनेत्री नताशा स्टानकोविक के साथ सगाई ने सिर्फ उनके प्रशंसकों को ही हैरान नहीं किया, बल्कि उनके परिवार को भी हैरानी में डाल दिया। हार्दिक ने हाल ही में नताशा से दुबई में सगाई की है। उनके पिता हिमांशु ने कहा है कि परिवार को इस बात का अंदेशा भी नहीं था कि हार्दिक सगाई करने वाले हैं।

बॉम्बे टाइम्स ने हार्दिक के पिता के हवाले से लिखा है, “नाताशा बहुत अच्छी लड़की है। हम उससे मुंबई में कई बार मिल चुके हैं। हम जानते थे कि वो लोग दुबई छुट्टी पर जा रहे हैं, लेकिन हमें इस बात का कोई अंदेशा नहीं था कि वो सगाई करने वाले हैं। इससे हम हैरान हैं। जब उन्होंने सगाई कर ली उसके बाद हमें पता चला।”

एक जनवरी को हार्दिक ने सोशल मीडिया पर नताशा के साथ फोटो जारी कर सगाई करने की जानकारी दी थी। हार्दिक ने तस्वीरों के साथ-साथ वीडियो भी शेयर किया, जिसमें हार्दिक समुद्र के बीच एक नाव पर नताशा के साथ दिख रहे हैं और घुटनों पर बैठकर उन्होंने बेहद रोमांटिक अंदाज में प्रपोज किया। नताशा ने भी मुस्कुराते हुए हामी भरी और फिर पांड्या ने बेहद खूबसूरत हीरे की अंगूठी पहनाकर नताश से सगाई कर ली।

पांड्या ने इंस्टाग्राम पर इस वीडियो के साथ लिखा,“ मैं तेरा, तू मेरी , जाने सारा हिंदुस्तान।” इस वीडियो के साथ ही नताशा ने भी सोशल साइट पर पांड्या के साथ अपनी सगाई की अंगूठी की तस्वीर पोस्ट की।

इससे पहले हार्दिक पांड्या ने पहले इंस्टाग्राम पर अपनी नववर्ष की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह सर्बियाई अभिनेत्री नताशा के साथ दिखाई दे रहे थे। उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिये नये वर्ष की शुभकामनाएं भी दीं जिसमें लिखा,“ मैं नये वर्ष की शुरूआत फायरवर्क के साथ कर रहा हूं।”

बता दें कि हार्दिक इस समय पीठ की चोट से उबर रहे हैं और इसी कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 तथा वनडे सीरीज नहीं खेल पाए। न्यूजीलैंड के साथ खेली जाने वाली सीरीज में हार्दिक को इंडिया-ए के लिए चुना गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed