February 3, 2026

भारत-जर्मनी के बीच कई क्षेत्रों में 20 समझौते

0
10-2.jpg

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मनी की चांसलर ऐंगेला मर्केल से व्यापक बातचीत के बाद शुक्रवार को कहा कि भारत और जर्मनी ने आतंकवाद के खतरों से निपटने के लिए द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया है। हैदराबाद हाउस में पीएम और जर्मन चांसलर ऐंगेला मर्केल के बीच बातचीत हुई। इसके बाद दोनों देशों के नेताओं की ओर से साझा बयान जारी किया गया। जर्मनी के साथ मजबूत संबंधों को प्राथमिकता में बताते हुए पीएम मोदी ने 20 समझौतों पर सहमति की घोषणा भी की। पीएम मोदी ने आतंकवाद और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दों पर साझा सहयोग की प्रतिबद्धता भी जताई।

पीएम ने मर्केल को बताया, भारत का अच्छा दोस्त

पीएम मोदी ने जर्मन चांसलर की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की और उन्हें भारत का अच्छा मित्र बताया। उन्होंने कहा, 'ऐंगेला मर्केल सिर्फ यूरोप नहीं पूरी दुनिया में सबसे लंबे वक्त तक राष्ट्र का नेतृत्व करनेवाली नेता हैं। ऐंगेला मर्केल यूरोप और पूरी दुनिया की बहुत मजबूत नेता मानी जाती हैं। भारत और मेरी अच्छी मित्र हैं।' जर्मनी की चांसलर ने भी भारत की तारीफ करते हुए कहा कि इस देश की विविधता भरी संस्कृति से आप हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहते हैं।

भारत और जर्मनी के बीच दूरगामी सहयोग बढ़ा: PM
पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों पर जोर देते हुए कहा, 'हर क्षेत्र में हमारा सहयोग और भी गहरा हुआ है। आज जिन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं, वे भी इसका प्रतीक हैं। अडवांस्ड टेक्नॉलजी में दोनों देशों के बीच दूरगामी सहयोग तय हुए हैं। भारत की प्राथमिकताओं के लिए जर्मनी जैसे तकनीकी रूप से सक्षम और मजबूत देश की जरूरत होगी। साइबर सिक्यॉरिटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने, कोस्टल मैनेजमेंट, नदियों की सफाई पर हमने फैसला किया है। क्लाइमेट चेंज के खिलाफ साझा प्रयासों में भी सहयोग होगा।'

पीएम ने डिफेंस सेक्टर में निवेश के लिए दिया न्योता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मनी और भारत के बीच निवेश संबंध बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'दोनों देशों के प्रमुख बिजनस लीडर्स से भी आज मुलाकात का कार्यक्रम तय है। डिफेंस कॉरिडोर में जर्मनी के बिजनस लीडर्स से लाभ उठाने की उम्मीद हम करते हैं। विश्व की गंभीर चुनौतियों के बारे में हमारे दृष्टिकोण में समानता है। आतंकवाद के खतरों को निपटने के लिए हम द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग बढ़ाएंगे। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सहयोग जारी रखेंगे।'

शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जर्मनी ने दिया जोर
जर्मनी की चांसलर ऐंगेला मर्केल ने दोनों देशों के बीच शिक्षा संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, 'जर्मनी में 20,000 भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। हम इस संख्या को और बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। वोकेशनल ट्रेनिंग और स्किल बेस्ड लर्निंग प्रोग्राम जैसे क्षेत्रों में हम चाहते हैं कि शिक्षकों के लिए ट्रेनिंग एक्सचेंज प्रोग्राम हों। जलवायु संरक्षण और स्थिर विकास के क्षेत्र में भी हम सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed