February 3, 2026

रेमो डिसूजा पर लगे 5 करोड़ की ठगी का आरोप, गैर जमानती वारंट जारी

0
rembo.jpg

 
नई दिल्ली 

बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर एवं फिल्म डायरेक्टर रेमो डिसूजा के खिलाफ गाजियाबाद कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है. रेमो पर एक व्यक्ति के साथ 5 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई के दौरान गैरहाजिर रहने पर गाजियाबाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है.

ये मामला गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र का है जहां के रहने वाले सतेंद्र त्यागी ने रेमो पर करोड़ों रुपए के गबन का आरोप लगाया है. सतेंद्र त्यागी का आरोप है कि रेमो ने फिल्मों में पैसा लगाने के नाम पर उनसे तकरीबन ₹5 करोड़ रुपये ठग लिए. जानकारी के मुताबिक सन 2013 में सतेंद्र त्यागी मुम्बई में रेमो डिसूजा से मिले और तभी उन्होंने उन्हें ये पैसे भी दिए थे. सतेंद्र का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर रेमो डिसूजा ने उन पर जानलेवा हमला भी करवाया था.

अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बाद सन 2016 में उन्होंने कोर्ट के आदेश पर रेमो डिसूजा के खिलाफ मुकदमा लिखवाया जिसकी सुनवाई गाजियाबाद जिला न्यायालय में चल रही थी. सुनवाई के दौरान तयशुदा तारीखों पर रेमो डिसूजा के नहीं पहुंचने से नाराज कोर्ट ने आखिरकार उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया. जल्द ही गाजियाबाद पुलिस गाजियाबाद से मुंबई के लिए रवाना होगी.

इन फिल्मों का कर चुके हैं निर्देशन-

मालूम हो कि दिग्गज डांस कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा एबीसीडी और रेस 3 जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं. रेमो ने रियलिटी शो डांस इंडिया डांस और ऐसे तमाम शोज में जज की भूमिका भी निभाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed