February 3, 2026

बेलिहु, गेमेचु फिर बने दिल्ली हाफ मैराथन के चैंपियन

0
maratha1.jpg

नई दिल्ली 
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को आयोजित 15वीं एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग में इथियोपिया के एंडमलेक बेलिहू और महिला वर्ग में सेहाय गेमेचु विजयी रहीं। हाफ मैराथन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से सुबह शुरु हुई। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से भारत के खेल मंत्री किरण रिजिजू द्वारा फ्लैग ऑफ की गई इस मैराथन में महिला वर्ग में इथियोपिया का कब्जा रहा। पहले तीन स्थान इथियोपिया की धावकों ने अपने नाम कर लिए। 

पुरुष वर्ग में दूसरे स्थान पर भी इथियोपिया के धावक रहे जबकि तीसरा स्थान केन्या के नाम रहा। बेलिहू ने इस बार 59 मिनट 10 सेकेंड में रेस पूरी करते हुए अपना खिताब बचाया। वह हालांकि कोर्स रेकॉर्ड को तोड़ने से चार सेकेंड से चूक गए। कोर्स रेकॉर्ड इथिपिया के ही गुए एडोला के नाम है जिन्होंने 2014 में इसे स्थापित किया था। रेस के बाद बेलिहू ने कहा- मैं कोर्स रिकार्ड से चार सेकेंड से चूक गया इससे थोड़ी निराशा है। लेकिन यह रेस मेरे लिए अच्छी रही। मैं जीता इस बात की खुशी है। दूसरे स्थान पर सोलोमन बेरिहू रहे। उन्होंने 59 मिनट 17 सेकेंड का समय लिया। केन्या के किबिवोट कैंडी ने 59 मिनट 33 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं में हालांकि, सेहाय खिताब बचाने के अलावा कोर्स रेकार्ड तोड़ने में भी सफल रही हैं।

सेहाय ने एक घंटे 6 मिनट का समय निकाला। रेस जीतने के बाद उन्होंने कहा, ‘दोहा में विश्व चैम्पियनशिप खेलने के बाद मैं काफी थक गई थी। यहां आकर मैं काफी खुश हूं। मैंने कोर्स रिकार्ड तोड़ा इस बात की मुझे खुशी है। यह मेरा व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ भी है।’ दूसरे स्थान पर सेहाय की हमवतन येलामजेरे येहुआलाव रहीं जिन्होंने एक घंटे 6 मिनट एक सेकेंड में रेस पूरी की। तीसरा स्थान जेइनेबा यिमेर रहीं। उन्होंने एक घंटे 6 मिनट 57 सेकेंड का समय निकाला। आईएएएफ की गोल्ड लेवल की इस मैराथन में कुल 40,000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने अलग-अलग रेसों में हिस्सा लिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed