December 14, 2025

खिलाडिय़ों को मिलेगी सर्वसुविधायुक्त खेल एकेडमी-उच्च शिक्षामंत्री उमेश पटेल

0
cropped-umesh1

अखिल भारतीय दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ

चक्रधर समारोह में पहली बार मैट पर कुश्ती के खिलाड़ी दिखा रहे अपना दॉव-पेच

रायगढ़,35 वें चक्रधर समारोह के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आज रामलीला मैदान में दो दिवसीय अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय महिला एवं पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल ने बल, बुद्धि एवं शक्ति के देवता बजरंग बली के छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलित कर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाडिय़ों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश एवं जिले के खिलाडिय़ों को सर्वसुविधा युक्त खेल एकेडमी देना उनकी प्राथमिकता की श्रेणी में है। उन्होंने मंशा जाहिर करते हुए कहा कि खिलाडिय़ों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए 11 जगहों पर खेल एकेडमी बनाया जाएगा। जहां खिलाडिय़ों को उच्च स्तर के प्रशिक्षण, छात्रावास सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएगी, ताकि हमारे प्रदेश के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर खेल के क्षेत्र में पहले पायदान पर पहुंच सके। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों को चक्रधर समारोह के सफल संचालन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। उच्च शिक्षा मंत्री श्री पटेल ने 78 किलो ग्राम के महिला कुश्ती खिलाड़ी कर्नाटक की रूपा और हरियाणा की सुदेश से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। चक्रधर समारोह में पहली बार कुश्ती के खिलाड़ी मैट पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे है।
इस अवसर पर रायगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकुमार भगत, नगर निगम सभापति श्री सलीम नियारिया, कलेक्टर श्री यशवंत कुमार, जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, सहायक कलेक्टर श्री संवित मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार, कुश्ती में अर्जुन पुरस्कार से पुरस्कृत श्री कृपाशंकर विश्नोई, श्री राजानंद यादव, श्री बलबीर शर्मा, जिला कुश्ती संघ के सदस्य श्री अजय जायसवाल, श्री किशन गोड़, छ.ग.कुश्ती संघ के अध्यक्ष श्री विरेन्द्र यादव, खेल अधिकारी श्री प्रमोद बैस, प्राचार्य श्री राजेश डेनियल, सहायक आयुक्त आदिवासी श्री गढ़ेवाल, सहायक संचालक शिक्षा श्रीमती दीप्ति अग्रवाल एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता में 48 किलो ग्राम, 55 किलो ग्राम, 57 किलो ग्राम, 62 किलो ग्राम, 75 किलो ग्राम, 78 किलो ग्राम, 101 किलो ग्राम के खिलाड़ी अपने कुश्ती का प्रदर्शन करेंगे। कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, यूपी, कर्नाटक, पंजाब के खिलाड़ी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed