October 28, 2024

कांग्रेस नेतृत्व की नीयत में खोट-शिवरतन शर्मा

0

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और प्रभारी पी.एल पुनिया के बीच दरार की खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की नीयत में ही खोट है। वे प्रजातांत्रिक मूल्यों का पालन ना करते हुए सत्ता के लिए अंधी दौड़ में लगे हैं। यह विगत एक माह की कांग्रेसी गतिविधियों से स्पष्ट हो गया है। जनता को भ्रमित कर कार्यकर्ताओं के मध्य झूठी तस्वीर पेश करने वाला कांग्रेस नेतृत्व आज अपने ही कृत्यों से शर्मिन्दा है। उन्होंने कहा कि नकारात्मक प्रवृत्तियों के विरोध के लिए हमें पहल नहीं करनी पड़ती वह अपने आप जनता के समक्ष आ जाती है। विगत वर्षों की कांग्रेसी गतिविधियां इसे साबित करती हैं। इसीलिए 15 वर्षों से डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की जनता का विश्वास बना हुआ है। श्री शर्मा ने कहा कि जनता हमें लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए विकास के लिए चुनती है। कांग्रेस मनोवृत्ति इसे ही समझ पाने में भूल कर रही है और एक बाद एक गलतियां करती जा रही है। सीडी के माध्यम से जिस तरह की बात सामने आई उससे प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी के मध्य जिस तरह के रिश्ते आपस में दिख रहे हैं, यह स्वाभाविक है, और षड्यंत्रों का परिणाम ऐसा ही होता है। परन्तु कांग्रेस नेतृत्व इसे स्वीकार ना करते हुए एक होने का संदेश देने का प्रयास कर रही है जो रोज किसी-न-किसी रूप में असफल होकर सामने आ रहा है। जनता जागरूक हो चुकी है और सब समझ रही है। जनता भाजपा के पक्ष में वोट करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *