December 14, 2025

मुख्यमंत्री ने दिग्विजय स्टेडियम का लोकार्पण किया मैंने कल्पना नहीं की थी इतना सुंदर स्टेडियम बनेगा: डॉ. रमन सिंह

0
sa79

स्टेडियम में बनाया जाएगा एथलेटिक ट्रैक


रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम राजनांदगांव में 54 करोड़ रूपए की लागत से नये स्वरूप में तैयार दिग्विजय स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा- दिग्विजय स्टेडियम में जब भूमिपूजन किया जा रहा था, उस समय ऐसा नहीं सोचा था कि इतना सुंदर स्टेडियम बनेगा। अब इस भव्य स्टेडियम को देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने इस स्टेडियम के निर्माण के लिए लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत एवं विभाग के अधिकारियों की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्टेडियम में एथलैटिक ट्रैक बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक एथलैटिक ट्रैक बनाने से यहाँ एथलेटिक्स में अच्छा माहौल बनेगा। उन्होंने कहा कि यह इतना सुंदर स्टेडियम है कि यहां इंडोर तथा आउटडोर सभी प्रकार के खेलों के लिए अच्छा वातावरण बनेगा।
प्रभारी मंत्री श्री मूणत ने अपने संबोधन में कहा कि जब मुख्यमंत्री स्टेडियम परिसर का अवलोकन कर रहे थे तब मैं उस समय को याद कर रहा था जब उन्होंने भूमिपूजन किया। इसके बाद से ही 21 महीनों के कठिन श्रम से 54 करोड़ रुपए का यह भव्य स्टेडियम तैयार हो गया। कल शाम ही यहाँ पिकनिक सा माहौल बन गया था। कम से कम सात-आठ सौ परिवारों की उपस्थिति यहां पर थी। यह जश्न जैसा माहौल था। फेसबुक और ट्विटर में सेल्फियों से जबर्दस्त माहौल पहले ही तैयार हो गया था।
सांसद श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि आज यह भव्य स्टेडियम तैयार हुआ है। इसके लिए पूरा शहर मुख्यमंत्री को दुआ दे रहे हैं। इससे खेल के लिए यहाँ बहुत बेहतर वातावरण तैयार होगा। इस मौके पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि आज मेडिकल कॉलेज एवं स्टेडियम की जो सौगात मुख्यमंत्री ने दी है, वह राजनांदगांव के लोगों के लिए अविस्मरणीय रहेगी। इस अवसर पर शिवगंगा महाआरती आयोजित समिति राजनांदगांव के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. सिंह और लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस समिति द्वारा राज्य की सबसे लंबी शिवनाथ नदी के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु लोगों जोड़ने के लिए शिवगंगा महाआरती प्रारंभ की गई है।
इस मौके पर जिले के 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, डोंगरगढ़ की विधायक श्रीमती सरोजनी बंजारे, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामजी भारती, राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, राज्य ऊर्दू अकादमी के अध्यक्ष श्री अकरम कुरैशी, राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी, पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष श्री रमेश पटेल, नगर निगम सभापति श्री शिव वर्मा, दुर्ग संभाग के आयुक्त श्री दिलीप वासनीकर, कलेक्टर श्री भीम सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री कमलोचन कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed