October 26, 2024

लोक निर्माण मंत्री मूणत ने राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन कार्याें में तेजी लाने दिए निर्देश

0

राजधानी में अब तक पूर्ण एक्सप्रेस-वे सहित रेलवे ओव्हर-अंडर ब्रिज तथा अंडर पास के कार्याें का 9 अक्टूबर को होगा लोकार्पण

रायपुर, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने आज राजधानी रायपुर के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन कार्याें की प्रगति के बारे में मौके पर जाकर सघन निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इनमें से लगभग पूर्णता की स्थिति वाले सभी कार्याें का लोकार्पण आगामी 9 अक्टूबर को किया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए ऐसे सभी निर्माण कार्याें को दस दिवस के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। वर्तमान में रायपुर शहर के अंतर्गत निर्माणाधीन रेलवे ओव्हर-अंडर ब्रिजों सहित 313 करोड़ रूपए की लागत राशि से राजधानी में छोटी लाइन की जगह पर एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी तीव्र गति से जारी है। एक्सप्रेस-वे के अब तक पूर्ण हुए मार्ग का भी लोकार्पण नौ अक्टूबर को किया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री मूणत ने आज निरीक्षण के दौरान राजधानी में राजेन्द्र नगर अण्डरपास, कुशालपुर चौक पर ओव्हर पास, आमानाका रेलवे ओव्हर ब्रिज का चौड़ीकरण और गोंदवारा अंडरब्रिज के निर्माण कार्याें की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इसके अलावा रायपुर शहर के अंतर्गत निर्माणाधीन फाफाडीह-तेलीबांधा-नया रायपुर मार्ग एक्सप्रेस-वे का भी निरीक्षण किया। एक्सप्रेस वे में देवेन्द्र नगर, पण्डरी तथा शंकर नगर में तीन फ्लाइओव्हरों के अलावा अवंति विहार तथा तेलीबांधा में ऐलिवेटेड कारिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इस मार्ग के अंतर्गत पंडरी, अमलीडीह तथा गुढ़ियारी में अंडरपास का निर्माण भी प्रगति पर है। लोक निर्माण मंत्री श्री मूणत ने निर्माणाधीन कार्याें में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कार्याें की गुणवत्ता के लिए अधिकारियों को मौके का सतत रूप से निरीक्षण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
राजधानी के अंतर्गत राजेन्द्र नगर में अंडरपास का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। इसका गार्डनिंग तथा पेंटिंग का कार्य प्रगति पर है। शेष सभी कार्याें को पूर्ण कर लिया गया है। 539 मीटर लम्बाई वाले इस अंडरपास का निर्माण 24 करोड़ 90 लाख रूपए की लागत से किया जा रहा है। इसी तरह कुशालपुर चौक पर 22 करोड़ 94 लाख रूपए की लागत राशि से ओव्हर पास का निर्माण प्रगति पर है। 740 मीटर लम्बाई वाले इस ओव्हर पास में स्लेब का कार्य पूर्ण हो गया है। राजधानी के आमानाका रेलवे ओव्हरब्रिज का चौडीकरण तीव्र गति से जारी है। 710 मीटर लम्बाई के इस ब्रिज का चौड़ीकरण 37 करोड़ 43 लाख रूपए की लागत राशि से किया जा रहा है। इसका वर्तमान में 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इसके अलावा गोंदवारा अंडरब्रिज का निर्माण भी प्रगति पर है। लगभग 252 मीटर लम्बाईवाले इस ब्रिज का निर्माण 20 करोड़ 85 लाख रूपए की लागत राशि से किया जा रहा है। इसका वर्तमान में 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अनिल राय तथा प्रमुख अभियंता डी.के. प्रधान सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed