October 26, 2024

अटल विकास यात्रा 2018 : अटल जी ने राज्य बनाकर बढाया छत्तीसगढ़वासियों का सम्मान: डॉ. रमन सिंह

0

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का किया शुभारंभ


रायपुर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी ने राज्य निर्माण कर छत्तीसगढवासियों का मान बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ में पिछले 15 साल में जो विकास हुआ हैं, वह अटल जी की ही देन है। यह विकास यात्रा छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल जी को समर्पित है। अटल जी यहां के जन-जन के मन में बसे हैं। उनके सपनों को ही साकार करने की ही यह यात्रा है। उनके सपनों को साकार करने के लिए वर्ष 2025 तक नवा छत्तीसगढ बनाने के लिए अटल दृष्टि पत्र बनाया गया है। डॉ. सिंह आज प्रदेश व्यापी अटल विकास यात्रा के अंतर्ग बिलासपुर जिले के तहसील मुख्यालय कोटा में आयोजित विशाल आम सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोटा महाविद्यालय में अगले शिक्षा सत्र से विज्ञान और वाणिज्य संकाय की स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने और कन्या महाविद्यालय के जर्जर भवन की जगह नए भवन की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने कोटा क्षेत्र के लिए करीब 130 करोड़ रूपए के 35 विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आज यहां कोटा में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने आम सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मॉ दंतेश्वरी और मां बम्बलेश्वरी के आशीर्वाद से प्रारंभ यह अटल विकास यात्रा आज कोटेश्वर महादेव की पावन धरा पर पहंुुची है। उन्होंने क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री रामशंकर तिवारी, श्री चंद्रशेखर कुर्रे, धनीराम ठाकुर, श्री विरेन्द्र केंवट, श्री सनत कुमार तिवारी और श्री शिवकुमार मरकाम को नमन किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से जो विकास नहीं हुआ वो पिछले 15 सालों में हुआ है। आज गरीबों को पक्का मकान, एक रूपए किलो चावल, हर व्यक्ति को साल में 50 हजार का स्वास्थ्य बीमा और 50 लाख महिलाओं और कॉलेज के छात्रों को स्मार्टफोन दिए जा रहे हैं। ये सब सिर्फ योजनाएं नहीं बल्कि इससे लोगों के जीवन में बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2022 तक हर गरीब के पास पक्का मकान की व्यवस्था, लोगों को 5 लाख रूपए तक इलाज की सुविधा, किसानों के लिए फसल बीमा के साथ ही कई अनेक योजनाओं संचालित की जा रही है। जिससे गांव, गरीब, किसान, मजदूर के साथ सभी वर्गों के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम को सांसद श्री लखन लाल साहू ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है छत्तीसगढ़ के तेन्दूपत्ता संग्राहक वनवासी भाईयों को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा एक माह के भीतर 750 करोड़ रूपए का बोनस दिया जाएगा। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अमर अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरम लाल कौशिक, संसदीय सचिव श्री राजू क्षत्री, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दीपक साहू, और बिलासपुर नगर निगम के महापौर श्री किशोर राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed