रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज रात यहां मंत्रालय (महानदी भवन) के नजदीक सेक्टर-19 स्थित राजधानी सरोवर में लगभग 12 करोड़ रूपए की लागत से स्थापित संगीतमय फौव्वारे और मल्टी मीडिया लेजर एवं वीडियो शो का लोकार्पण किया।
उल्लेखनीय है कि यह अत्याधुनिक संगीतमय फौव्वारा प्रतिदिन शाम को खुलेगा, जहां 30 मिनट के दो वाटर लेजर शो आम जनता के लिए प्रस्तुत किए जाएंगे। लगभग 75 मीटर लम्बे और 35 मीटर चौड़े इस फव्वारे में 224 प्रकार के फाउंटेन जेट्स, 250 एलईडी लाइटें, 40 से अधिक टू डी और थ्री डी नोजल्स लगाई गई हैं। इस फव्वारे को 200 से ज्यादा वाटर इफेक्ट दिखाए जा सकते हैं। राजधानी सरोवर में लगभग 400 दर्शकों के लिए दर्शक गैलरी बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण समारोह में कहा – राजधानी सरोवर के हरे भरे परिवेश में स्थापित यह फाउंटेन नया रायपुर के पर्यटकों के आकर्षक का एक और नया केन्द्र बन गया है। नया रायपुर में नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं और अधोसंरचना विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस फाउंटेन का लोकार्पण करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा सांसद श्री रमेश बैस ने की। पर्यावरण एवं आवास मंत्री श्री राजेश मूणत ने इस फव्वारे की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, वनमंत्री महेश गागड़ा, विधायक श्री नवीन मारकण्डेय, नगर निगम रायपुर के सभापित श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अमन कुमार सिंह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रजत कुमार भी उपस्थित थे। अतिथियों ने नागरिकों के साथ आकर्षक वाटर लेजर शो का आनंद लिया।     सरोवर परिसर में मनोरंजन से साथ सेहत से जुड़ी गतिविधियों का भी ध्यान रखा गया है। सरोवर के चारों ओर 2.5 किलोमीटर का जॉगिंग ट्रैक बनाया गया है। पार्किंग सुविधा के साथ दो एमेनिटी ब्लॉक, सार्वजनिक शौचालय, कैफे, किचन और मंच बनाए गए हैं।