October 23, 2024

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की छह जानी-मानी हस्तियों से उनके घर जाकर सौजन्य मुलाकात की

0


  रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज राजधानी रायपुर निवासी प्रदेश के छह जाने-माने वरिष्ठ नागरिकों से उनके निवास पहुंचकर सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने आध्यात्म, पत्रकारिता, साहित्य और चिकित्सा क्षेत्र की इन सभी जानी-मानी हस्तियों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. सिंह ने उन्हें राज्य सरकार के चौदह वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका तथा हिन्दी मासिक ’जनमन’ की सौजन्य प्रतियां भेंट की।  मुख्यमंत्री सबसे पहले विवेकानंद आश्रम के प्रमुख स्वामी सत्यरूपानंद से उनके आश्रम में मुलाकात की। वे इसके बाद अग्रसेन चौक स्थित वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार तथा दैनिक देशबन्धु के प्रधान सम्पादक श्री ललित सुरजन के घर पहुंचे । उन्होंने श्री सुरजन के साथ आत्मीय बातचीत में कवर्धा और रायपुर की पुरानी यादों को भी ताजा किया। डॉ. सिंह श्री सुरजन के निवास से शैलेन्द्र नगर स्थित हिन्दी के वरिष्ठ कवि श्री विनोद कुमार शुक्ल के निवास गए और श्री शुक्ल तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री शाम को वरिष्ठ चिकित्सक और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक डॉ. आई.एम. सेठी के घर गए और उनके साथ तथा उनके परिजनों के साथ बैठकर आत्मीय बातचीत की। मुख्यमंत्री इस मुलाकात के बाद गांधी उद्यान के पास शहर के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ और जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधिष्ठाता, पद्मश्री सम्मानित डॉ. ए.टी. दाबके के घर पहुंचे। उन्होंने श्री दाबके तथा उनके परिजनों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। डॉ. दाबके के घर से मुख्यमंत्री सुन्दर नगर में शासकीय आयुर्वेद कॉलेज के पूर्व प्राचार्य, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पद्मश्री सम्मानित डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय से भी उनके निवास पहुंचकर मुलाकात की और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री के साथ पूर्व महापौर श्री सुनील सोनी भी वरिष्ठ कवि श्री विनोद कुमार शुक्ल, डॉ. आई.एम. सेठी, डॉ. ए.टी. दाबके और डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय से मुलाकात के दौरान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *