रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह प्रदेशव्यापी विकास यात्रा के दौरान आज धमतरी जिले के नगरी में आयोजित विशाल आमसभा में लगभग 100 करोड़ की लागत के 21 निर्माण कार्यो का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें उन्होंने लगभग 53 लाख रूपए की लागत से पूर्ण हो चुके 04 कार्यों का लोकार्पण और 97.91 करोड़ रूपए की लागत से स्वीकृत 17 नए कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने 15,637 हितग्राहियों को 2.38 करोड़ रूपए सामग्री और सहायता राशि वितरित की।  उन्होंने आम सभा में 13 हजार 722 हितग्राहियों को आबादी पट्टा और श्रम विभाग की ओर से 1071 हितग्राहियों को 33 लाख के चेक और सामग्री का वितरण किया।
मुख्यमंत्री आम सभा में जिन कार्यो का भूमिपूजन किया उनमें मुख्य रूप से 60.53 करोड़ रूपए की लागत से सोंढूर प्रदायक नहर की नगरी वितरक शाखा से दुगली तक 22 किलोमीटर लंबी नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा उन्होंने 17.13 करोड़ रूपए की लागत से धमतरी से नगरी तक 61 किलोमीटर लंबे मार्ग का नवीनीकरण कार्य और 8.30 करोड रूपए की लागत से धमतरी के कुण्डेल-खिसोरा मार्ग का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने आमसभा में तीन करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 5.35 किलोमीटर लंबे सिंगपुर, मोहेरा, सरईरूख से बेन्द्राचुवा पहुंच मार्ग और 2.85 करोड़ की लागत से 4.15 किलोमीटर लंबे बोरई से मैनपुर तक के पहुंच मार्ग का भूमिपूजन भी किया।