October 25, 2024

आज लोकार्पित होगा महादेव घाट का लक्ष्मण झूला और खूबसूरत उद्यान कृषि-सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने किया अवलोकन

0

 

रायपुर: छत्तीसगढ़ के धर्मस्व कृषि एवं सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के ऐतिहासिक महादेव घाट पर नवनिर्मित लक्ष्मण झूला एवं खूबसूरत गार्डन का आज अवलोकन किया। श्री अग्रवाल के प्रयासों से निर्मित यह लक्ष्मण झूला प्रदेश के पर्यटन का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही प्रदेश के विकास को चार चांद लगाने वाला होगा। इसका आज शाम मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह लोकार्पण करेंगे।
अवलोकन के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने यहां पर्यटकों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उनकी बैठने की व्यवस्था,गाड़ियों की पार्किंग, कैंटीन आदि की उचित व्यवस्थाओं के लिए अफसरों को निर्देश दिए। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि महादेव घाट पर भगवान शिव मंदिर के निकट बनाया गया झूला छत्तीसगढ़ की भव्यता को प्रदर्शित करता दिखाई देगा। यह धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी काफी अहम होगा। यहा नदी के सुंदर तट पर प्रकृति की गोद मे बैठकर लोग शांति और सुख के आनंद का अनुभव कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि खारून नदी का महादेव घाट हमारी धार्मिक आस्था का केंद्र है। इसका संरक्षण करते हुए इसे सहेजना और संवारना आवश्यक था। इसी बात को ध्यान में रखकर इसका निर्माण की सोंच बनी। इसके बनने से विशेष रूप से रायपुर महानगर की भीड़ से दूर एक शांत और सुंदर स्थान में लोग  सुकून से भरा पल बिता सकेंगे।

महादेवघाट पर दुर्ग जिले के छोर में रिवर फ्रन्ट पर करीब 900 मीटर लंबा उद्यान विकसित कर लिया गया है। घाट पर लक्ष्मण झूला बन कर तैयार है। महादेवघाट के सौंदर्यीकरण और लक्ष्मण झूला बनाने का काम जल संसाधन विभाग द्वारा किया गया है। लगभग छह करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से 150 मीटर लक्ष्मण झूला बनाया गया है। इसमें से 90 मीटर का हिस्सा सस्पेंशन होगा। दुर्ग जिले के हिस्से में रिवर फ्रंट पर 900 मीटर में उद्यान बनकर तैयार है। उद्यान में पेडस्टेन ट्रेक, एक्वाप्रेशर ट्रेक और गोल्फकार्ट ट्रेक बनाए गए हैं। उद्यान में बच्चों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले लगाए गए हैं। एक कैफेटेरिया का निर्माण भी यहां पर्यटकों की सुविधा के लिए किया गया है। एक्सरसाइज और योगाभ्यास के लिए अलग-अलग ट्रेक बने हुए हैं। इस अवसर पर सचिव जल संसाधन सोनमणि बोरा,संजू नारायण सिंह ठाकुर, रायपुर नगर निगम के आयुक्त रजत बंसल, जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता  एच.आर. कुटारे,मुख्य अभियंता एसवी भागवत, पार्षद दीनबंधु ठाकुर,भाजयुमों जिला उपाध्यक्ष सुमित शर्मा,अजय सोनी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *