सुशासन तिहार में वन मंत्री केदार कश्यप ने दी विकास की नई सौगात

नारायणपुर जिले में 6.70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, कई नई घोषणाएं
नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नारायणपुर जिले में विकास कार्यों को नई गति दी जा रही है। इसी क्रम में वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के साथ ग्राम हलामी मुंजमेटा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर 6 करोड़ 70 लाख 78 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारकर आम लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नारायणपुर जिले के विकास के लिए लगभग ढाई हजार करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनसे सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कश्यप ने क्षेत्रवासियों की मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए हलामी मुंजमेटा में यात्री प्रतीक्षालय, मारकाबेड़ा में आंगनबाड़ी भवन, करमरी में खेल मैदान, एड़का में साहू समाज भवन, नाऊमुंजमेटा में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, बाजार स्थल में शेड और हाईमास्ट लाइट, देवगांव में सामाजिक भवन पर शेड निर्माण, ग्राम बावड़ी में सामाजिक भवन तथा फरसगांव-मसपुर मार्ग पर तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की।
वन मंत्री कश्यप ने शिविर में उपस्थित लखपति दीदियों से संवाद कर उनके स्वावलंबन और आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली तथा महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्कूल भवनों की मरम्मत का कार्य वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले पूर्ण किया जाए ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के दस्तावेज, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पूर्ण आवासों की खुशियों की चाबी, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण विभाग द्वारा व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण तथा श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
केदार कश्यप ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निर्माण करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है। सुशासन तिहार इसी संकल्प का प्रमाण है, जहां सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रही है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश शर्मा, छोटेडोंगर की सरपंच श्रीमती संध्या पवार, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, क्षेत्र के सरपंचगण, पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुरिया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम श्री अभयजीत मंडावी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील सोनपिपरे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।