जब मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे हितग्राहियों के द्वार : संघर्षभरे जीवन में फिर जगी उम्मीद की नई रोशनी

0
IMG-20260516-WA0082

रायपुर 21 मई 2026// जनपद पंचायत रामानुजनगर में आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में उस समय आत्मीयता, संवेदना और विश्वास का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय स्वयं चलकर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीय संवाद किया।

हितग्राही श्रीमती कुन्ती बाई ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के समक्ष अपनी संघर्षभरी जीवनगाथा साझा करते हुए बताया कि पति के असामयिक निधन के बाद उनके जीवन का सहारा मानो छिन गया था। परिवार की जिम्मेदारियां, बच्चों का पालन-पोषण और सिर पर सुरक्षित छत का अभाव उन्हें लगातार चिंता और असुरक्षा में जीने को मजबूर कर रहा था। उन्होंने बताया कि बरसात और गर्मी के दिनों में कच्चे मकान में रहना बेहद कठिन था।

ऐसे कठिन समय में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके जीवन में उम्मीद की किरण बनकर आई। शासन की सहायता से उन्हें पक्का आवास मिला, जिसने उनके जीवन को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व प्रदान किया। भावुक होकर उन्होंने कहा, “हमने कभी सोचा भी नहीं था कि हमारा भी पक्का घर होगा। आज मुख्यमंत्री जी स्वयं हमसे मिलने आए, यह हमारे लिए बहुत बड़ा सम्मान है।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी बातें गंभीरता से सुनीं और परिवार का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल सुविधाएं देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास लाना है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सूरजपुर जिले में अब तक कुल 72 हजार 379 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 64 हजार 799 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। यह कुल स्वीकृत आवासों का 89.53 प्रतिशत है। उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-26 में सूरजपुर जिला प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *