सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: केदार कश्यप

वन मंत्री ने 8.09 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन व लोकार्पण
रायपुर। बस्तर जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री कश्यप ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनियागांव और भानपुरी क्लस्टर में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 8 करोड़ 9 लाख 71 हजार रुपए की लागत वाले विभिन्न बुनियादी ढांचागत कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
बनियागांव में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधारने हेतु 1 करोड़ 47 लाख 76 हजार रुपए के कार्यों की आधारशिला रखी गई और पूर्ण हो चुके कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 27 लाख 76 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बनियागांव से कुच्चीगुड़ा सड़क का भूमिपूजन शामिल रहा, वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण के माध्यम से पूर्ण हुए तुरपुरा की सीसी सड़क और केशरपाल के अहाता निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
दोपहर में भानपुरी में आयोजित कार्यक्रम में 6 करोड़ 61 लाख 95 हजार रुपए की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिली। इसमें 6 करोड़ 23 लाख 9 हजार रुपए की लागत से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत भानपुरी से पदरपारा, फरसागुड़ा से खासपारा और भानपुरी-चित्रकोट मार्ग से धनवाड़पारा तक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही मुरकुची हाई स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण का भूमिपूजन किया गया तथा विधायक निधि और विकास प्राधिकरण के अंतर्गत भानपुरी, तारागांव और विश्रामपुरी क्लस्टर में निर्मित सीसी सड़कें और पुलिया का लोकार्पण किया गया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों और भवनों से क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा। अच्छी सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी आसान बनाती हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नारायणपुर विधानसभा का हर गांव विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा और सभी कार्य ग्रामीणों की अपेक्षाओं के अनुरूप पूर्ण किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील भी की।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।