अंबिकापुर से दिल्ली एवं कोलकाता के लिए हवाई सेवा का शुभारंभ 30 मार्च सेमुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

0
IMG-20260329-WA0064


रायपुर / उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के लिए 30 मार्च एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अंबिकापुर) से देश के प्रमुख महानगर दिल्ली एवं कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा शुरू होगी। इस पहल से क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ ही विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रातः 10 बजे रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर अंबिकापुर के पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।
नई हवाई सेवा के अंतर्गत एलायंस एयर द्वारा 72-सीटर एटीआर विमान संचालित किया जाएगा। अंबिकापुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट सप्ताह में दो दिन—सोमवार और बुधवार को चलेगी। सोमवार को फ्लाइट सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी, वहां से 10:50 बजे रवाना होकर 11:35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। इसके बाद यही फ्लाइट दोपहर 12:05 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को सुबह 7:50 बजे दिल्ली से सीधी फ्लाइट उड़कर 10:25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी, फिर 10:50 बजे अंबिकापुर से निकलकर 11:35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 12:00 बजे उड़कर 2:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
अंबिकापुर से कोलकाता के लिए भी सप्ताह में दो दिन फ्लाइट संचालित होगी। शनिवार को सुबह 7:05 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर 8:55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी, फिर 9:20 बजे वहां से रवाना होकर 10:00 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। इसके बाद 10:25 बजे अंबिकापुर से उड़ान भरकर 12:15 बजे कोलकाता पहुंच जाएगी। वहीं गुरुवार को सुबह 7:05 बजे कोलकाता से सीधी फ्लाइट उड़कर 8:50 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी, फिर 9:15 बजे अंबिकापुर से निकलकर 9:55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 10:20 बजे उड़कर 12:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार यात्रियों को दोनों दिशाओं में सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं बिलासपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी सुदृढ़ होगी। कोलकाता के लिए सेवा शुरू होने से पूर्वी भारत के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र से सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।
अंबिकापुर, सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ उत्तर छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं वाणिज्यिक केंद्र है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा और खनिज भंडार से समृद्ध है। साथ ही मैनपाट, तातापानी और विविध जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों के कारण यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
हवाई सेवा प्रारंभ होने से सरगुजा संभाग सीधे दिल्ली और कोलकाता से जुड़ जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होगा। पर्यटन क्षेत्र में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और होटल, परिवहन व अन्य सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी, जिससे गंभीर मरीजों को महानगरों में त्वरित उपचार मिल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के अंतर्गत किया गया है। वर्ष 1950 में निर्मित इस हवाई पट्टी का विस्तार कर रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है, जिससे अब एटीआर जैसे बड़े विमान यहां संचालित हो सकते हैं। लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के सिविल एवं विद्युतीकरण कार्यों हेतु 48.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी, जिसके तहत सभी कार्य डीजीसीए मानकों के अनुरूप पूर्ण किए गए हैं। टर्मिनल भवन को 72 यात्रियों की क्षमता के अनुरूप उन्नत किया गया है, साथ ही लगभग 100 वाहनों की पार्किंग सुविधा और फोरलेन सड़क के माध्यम से बेहतर पहुंच भी सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed