चिरमिरी में विकास का शुभारंभ: स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने करोड़ों के कार्यों से संवारी जनआकांक्षाओं की राह

चिरमिरी (एमसीबी)वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रही कोरिया कॉलरी क्षेत्र की जनता के लिए एक ऐतिहासिक क्षण तब साकार हुआ, जब क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। बड़ा ग्राउंड, कोरिया कॉलरी में आयोजित इस कार्यक्रम में 5 करोड़ 51 लाख 9 हजार रुपये की लागत से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जिसने क्षेत्र में विकास की नई चेतना का संचार किया।
यह केवल भूमिपूजन नहीं, बल्कि जनभावनाओं और वर्षों से संजोए गए सपनों के साकार होने का प्रतीक बन गया। लंबे समय से सड़क, नाली और बुनियादी ढांचे की मांग कर रहे नागरिकों के लिए यह पहल आशा और विश्वास की नई किरण लेकर आई है।
विकास कार्यों के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 में लगभग 2 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से सिद्ध बाबा मंदिर तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण का कार्य किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुगमता प्राप्त होगी। वहीं वार्ड क्रमांक 7 में लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से शाखा शिव मंदिर परिसर में विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा, जो क्षेत्र को एक सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भावपूर्ण संबोधन में कहा कि क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि सिद्ध बाबा मंदिर तक सड़क निर्माण केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि आस्था और जनविश्वास का सम्मान है। साथ ही शाखा शिव मंदिर क्षेत्र में युवाओं, महिलाओं और बच्चों के लिए खेलकूद, व्यायाम और पर्यटन की दृष्टि से आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बन सके।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
चिरमिरी की इस पावन धरती पर प्रारंभ हुआ यह विकास कार्य न केवल आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेगा, बल्कि जनजीवन को नई दिशा और गति भी प्रदान करेगा। स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में यह पहल क्षेत्र के समग्र उत्थान और उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम के रूप में देखी जा रही है।